Report by : CWN Desk
Published at :
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की नई तिथियां घोषित, पहले चरण का मतदान 24 जुलाई को

नैनीताल। हाईकोर्ट से रोक हटने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने शनिवार को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की संशोधित अधिसूचना जारी कर दी है। अब पहले चरण का मतदान 24 जुलाई और दूसरे चरण का 28 जुलाई को होगा। राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार के मुताबिक नामांकन 2 से 5 जुलाई तक सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होंगे। नामांकन पत्रों की जांच 7 से 9 जुलाई को की जाएगी। नाम वापसी की तिथि 10 और 11 जुलाई तय की गई है। पहले चरण में चुनाव चिह्न का आवंटन 14 जुलाई को होगा, जबकि दूसरे चरण में 18 जुलाई को चुनाव चिह्न दिए जाएंगे। दोनों चरणों की मतगणना 31 जुलाई से शुरू होगी।

प्रथम चरण में 13 जिलों के 37 विकासखंडों में चुनाव होंगे, जिनमें अल्मोड़ा, ऊधमसिंहनगर, चंपावत, पिथौरागढ़, नैनीताल, बागेश्वर, उत्तरकाशी, चमोली, टिहरी, देहरादून, पौड़ी और रुद्रप्रयाग शामिल हैं। दूसरे चरण में अल्मोड़ा, ऊधमसिंहनगर, चंपावत, पिथौरागढ़, नैनीताल, उत्तरकाशी, चमोली, टिहरी, देहरादून और पौड़ी के 35 विकासखंडों में चुनाव होंगे।

निर्वाचन आयोग ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि 30 जून को पदवार आरक्षण सूची अधिसूचित कर ग्राम पंचायत से लेकर जिला पंचायत स्तर तक के सूचना पट्टों पर चस्पा की जाए। चुनाव प्रक्रिया के दौरान आचार संहिता सख्ती से लागू रहेगी।

मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं और उम्मीदवारों से शांति बनाए रखने की अपील की है। साथ ही भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों से दूर रहने को कहा गया है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›