Report by : CWN Desk
Published at :
मंच पर शिक्षक की बेबाकी: शिक्षा मंत्री से सीधे सवाल, प्रमोशन में देरी पर जताई नाराज़गी

देहरादून। गोपेश्वर स्थित ग्वाड पीएम श्री स्कूल के वार्षिकोत्सव के दौरान शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से मंच पर सार्वजनिक रूप से आवाज उठाने वाले शिक्षक ललित मोहन सती को शासन ने नोटिस जारी किया है। एडी-गढ़वाल कंचन देवराड़ी ने सती को सोमवार शाम तक अपने आचरण पर लिखित स्पष्टीकरण देने को कहा है। तय समय तक जवाब नहीं देने की स्थिति में कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

क्या है मामला :
हाल ही में हुए कार्यक्रम के दौरान शिक्षक ललित मोहन सती मंच पर पहुंचे और तीखे लहजे में शिक्षकों की पदोन्नति में हो रहे विलंब के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए मंत्री को भी कठघरे में खड़ा कर दिया। कार्यक्रम में मौजूद प्रधानाचार्य व अन्य शिक्षकों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन मंत्री ने हस्तक्षेप करते हुए उन्हें बोलने की अनुमति दी।

इस दौरान मंत्री धन सिंह रावत ने मंच से कहा कि यदि शिक्षक प्रमोशन से जुड़े अपने कोर्ट केस वापस ले लें तो सरकार अगले ही दिन पदोन्नति देने को तैयार है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जो चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि, हिन्दुस्तान वीडियो की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता।

शिक्षक सती के इस कृत्य को कुछ लोग शिक्षकों की लंबी प्रतीक्षा और हताशा का परिणाम बता रहे हैं। वहीं, प्रशासन इसे अनुशासनहीनता मानते हुए कड़ा रुख अपनाए हुए है। अब यह देखना अहम होगा कि सती अपने आचरण पर क्या सफाई देते हैं और शासन इस पर क्या कार्रवाई करता है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›