Report by : CWN Desk
Published at :
प्रधानमंत्री मोदी आज उत्तराखंड में, हर्षिल में जनसभा को संबोधित करेंगे

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को हर्षिल पहुंचकर जनसभा को संबोधित करेंगे। इससे पहले वे मां गंगा के शीतकालीन गद्दी स्थल मुखबा में पूजा-अर्चना करेंगे। प्रधानमंत्री का यह दौरा चारधाम शीतकालीन यात्रा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से हो रहा है।

प्रधानमंत्री सुबह सवा आठ बजे दिल्ली से विशेष विमान द्वारा जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से वे हेलीकॉप्टर से हर्षिल रवाना होंगे, जहां उनका हेलीकॉप्टर आर्मी के हेलीपैड पर लैंड करेगा। दौरे की शुरुआत में मोदी सबसे पहले गंगा मंदिर, मुखबा (मुखीमठ) में दर्शन और पूजा करेंगे। इस दौरान पूरे मंदिर परिसर और पौराणिक भवनों को भव्य रूप से सजाया गया है।

इसके बाद पूर्वाह्न साढ़े दस बजे प्रधानमंत्री हर्षिल पहुंचेंगे, जहां वे शीतकालीन पर्यटन और स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी का निरीक्षण करेंगे। इसके अलावा वे जादुंग व पीडीए के लिए मोटर बाइक और एटीवी-आरटीवी रैलियों, जनकताल और मुलिंगला के लिए ट्रैकिंग अभियानों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पौने ग्यारह बजे से लगभग आधे घंटे तक जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसभा के बाद वे वापस जौलीग्रांट एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे और दोपहर पौने एक बजे दिल्ली लौट जाएंगे।

प्रधानमंत्री के इस दौरे को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›