Report by : CWN Desk
Published at :
उत्तराखंड में बारिश से गर्मी से राहत, 17 जून तक मौसम विभाग का येलो अलर्ट जारी

देहरादून। उत्तराखंड के कई जिलों में बुधवार को झमाझम बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली। खासकर देहरादून, नैनीताल, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चमोली जैसे क्षेत्रों में मौसम अचानक बदला और तेज बारिश के कारण वातावरण सुहावना हो गया।

देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक रोहित थपलियाल ने बताया कि राज्य में 13 जून से 17 जून तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेगा, जिससे हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। गुरुवार को पिथौरागढ़, नैनीताल, बागेश्वर और चमोली में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने कुमाऊं मंडल के पर्वतीय जिलों के साथ-साथ उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग में गरज के साथ बिजली चमकने, तेज हवाओं और तेज से अति तेज बारिश के दौर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। राज्य के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं बारिश और झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।

बुधवार को देहरादून में सुबह से दोपहर तक तेज धूप के कारण उमस बनी रही, लेकिन दोपहर बाद कई इलाकों में हुई झमाझम बारिश ने मौसम को ठंडा और आरामदायक बना दिया। दो-तीन दिनों से गर्मी से परेशान जनता ने राहत की सांस ली।

मौसम विभाग ने जनता को अलर्ट रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है, विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को। साथ ही प्रशासन को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›