Report by : CWN Desk
Published at :
रुड़की: होटल मालिक के बेटे की हत्या, गंगनहर में फेंका शव

रुड़की। कलियर थाना क्षेत्र में फिरौती के लिए किए गए अपहरण का सनसनीखेज मामला हत्या में बदल गया। होटल मालिक के 20 वर्षीय बेटे अनवर की गला दबाकर हत्या कर दी गई और शव गंगनहर में फेंक दिया गया। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि शव की तलाश जारी है।
सिविल लाइन कोतवाली में प्रेसवार्ता के दौरान एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने जानकारी दी कि कलियर के बेडपुर गांव निवासी होटल मालिक नसीर का बेटा अनवर शनिवार को होटल गया था। शाम चार बजे वह सोहलपुर रोड स्थित मोनू की दुकान गया, जिसके बाद से उसका कोई पता नहीं चला। देर रात परिजनों के पास अनवर के मोबाइल से कॉल आया और 25 लाख रुपये फिरौती की मांग की गई। घबराए परिजनों ने रविवार को पुलिस में मामला दर्ज कराया।
जांच में खुलासा हुआ कि अनवर की हत्या उसके परिचितों ने ही की। पुलिस ने मंगलवार को 33 वर्षीय अमजद पुत्र सफीक निवासी मुकर्बपुर कलियर और 32 वर्षीय फरमान उर्फ लालू पुत्र यामीन निवासी मुस्तफाबाद बहादराबाद को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि अमजद टेलर का काम करता है और करीब सात साल तक नसीर के होटल में किराये पर रह चुका था। पैसों की लालच में दोनों ने अनवर को बहाने से बुलाया और फिर गला दबाकर हत्या कर दी।
इसके बाद शव को गंगनहर में फेंककर फरार हो गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोच लिया है और अब शव की तलाश में गोताखोर लगाए गए हैं। इस जघन्य वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। परिजन गमगीन हैं और गांव में शोक का माहौल है।
यह घटना इस बात की ओर भी इशारा करती है कि आर्थिक लालच और पुरानी पहचान अपराध की बड़ी वजह बन सकती है। पुलिस ने आरोपियों पर हत्या, अपहरण और फिरौती के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›