Report by : CWN Desk
Published at :
देहरादून : जून महीने के लिए बिजली दरों में 17 पैसे से 71 पैसे प्रति यूनिट तक बढ़ोतरी, जुलाई बिल पर पड़ेगा असर

देहरादून। ऊर्जा निगम ने जून महीने के लिए फ्यूल एंड पावर परचेज कॉस्ट एडजस्टमेंट (FPPCA) की दरें जारी कर दी हैं, जिससे प्रदेश के उपभोक्ताओं पर बिजली के बिल में 17 पैसे से लेकर 71 पैसे प्रति यूनिट तक का सरचार्ज लग गया है। ये दरें जुलाई में आने वाले बिलों पर लागू होंगी।

ऊर्जा निगम मैनेजमेंट में कॉमर्शियल विंग के मुख्य अभियंता डीएस खाती ने सोमवार को नई दरों की घोषणा की। स्नो बाउंड और बीपीएल उपभोक्ताओं को 17 पैसे प्रति यूनिट की दर से झटका लगा है। वहीं घरेलू उपभोक्ताओं के लिए यह बढ़ोतरी 46 पैसे प्रति यूनिट होगी। कॉमर्शियल उपभोक्ताओं को भी 66 पैसे प्रति यूनिट की दर से ज्यादा देना होगा।

इसके अलावा सरकारी संस्थानों को 62 पैसे, निजी ट्यूबवेल और पंप सेट उपभोक्ताओं को 20 पैसे प्रति यूनिट की दर से ज्यादा देना होगा। वहीं, 25 किलोवाट तक के कनेक्शन पर 28 पैसे, 25 से 75 किलोवाट तक पर 30 पैसे और 75 किलोवाट से अधिक के कनेक्शन पर 33 पैसे प्रति यूनिट की दर से बढ़ोतरी लागू होगी।

एलटी-एचटी उद्योगों को 61 पैसे, मिक्सड लोड, रेलवे और ईवी चार्जिंग स्टेशनों को 57 पैसे प्रति यूनिट की दर से ज्यादा देना होगा। निर्माण कार्यों के लिए अस्थाई कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं पर सबसे ज्यादा 71 पैसे प्रति यूनिट की दर से असर पड़ेगा।

ऊर्जा निगम का कहना है कि यह बढ़ोतरी फ्यूल और पावर परचेज कॉस्ट में आए बदलाव के कारण की गई है, ताकि बढ़ी हुई लागत की भरपाई हो सके। उपभोक्ताओं को यह बढ़ोतरी जुलाई के बिजली बिल में दिखाई देगी। इस बढ़ोतरी से बिजली उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा, जिससे घरेलू और व्यावसायिक दोनों वर्ग के उपभोक्ताओं की जेब पर असर पडे़गा।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›