Report by : CWN Desk
Published at :
बदरीनाथ और केदारनाथ की ऊपरी पहाड़ियों पर सीजन का पहला हिमपात

चमोली। बदरीनाथ और केदारनाथ की ऊपरी पहाड़ियों पर सीजन का पहला हिमपात हुआ। इसके बाद से ही धाम में ठंड बढ़ गई है। मंगलवार रात को हुई बारिश के बाद आज सुबह धाम की ऊंची चोटियों पर सीजन की पहली बर्फबारी दिखाई दी।
बदरीनाथ धाम की ऊंची चोटियों के अलावा माणा क्षेत्र के पास भी बर्फबारी हुई है। बता दें, कि प्रदेश के कई जिलों में बारिश तबाही मचाई हुई है। उत्तराखंड में मानसून अंतिम चरण में है। लेकिन विदाई से पहले राज्य के पर्वतीय जिलों में मौसम अपना तेवर दिखाएगा।
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से 11 से 14 सितंबर तक प्रदेश के पर्वतीय जिलों में भारी से भारी बारिश का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, मौसम वैज्ञानिकों ने हिदायत देते हुए कहा कि संवेदनशील इलाकों में दिन के साथ रात में भी सतर्कता बरतें।
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी अलर्ट के अनुसार आज (बुधवार) हरिद्वार, उत्तरकाशी और टिहरी जिले के कुछ इलाकों में मूसलाधार बारिश होने के आसार हैं। कुमाऊं मंडल के बागेश्वर जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया। वहां तेज गर्जना के साथ भारी से भारी बारिश होने की भी संभावना है। देहरादून, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, चमोली, रुद्रप्रयाग, चंपावत और पिथौरागढ़ जिले के कुछ इलाकों में तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›