Report by : CWN Desk
Published at :
सड़क हादसों में घायलों की मदद करने वालों को मिलेगा ‘राहवीर’ पुरस्कार

देहरादून। सड़क हादसों के दौरान घायलों की मदद करने वाले ‘राहवीरों’ को अब केंद्र सरकार के ‘राहवीर’ योजना के तहत सम्मानित किया जाएगा। इस योजना के अंतर्गत राज्य स्तर पर 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर चयनित दस राहवीरों को एक-एक लाख रुपये तक का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। राज्य सरकार ने सभी जिलाधिकारियों को इस संबंध में पत्र जारी कर पुरस्कार वितरण की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दे दिए हैं।

अब तक उत्तराखंड में सड़क हादसों में घायलों की मदद करने वालों को जिला स्तर पर 5 हजार रुपये और राज्य स्तर पर 10 हजार रुपये का पुरस्कार राज्य सरकार की ओर से दिया जाता था। लेकिन अब केंद्र सरकार द्वारा लागू की गई नई ‘राहवीर’ योजना के तहत यह राशि बढ़ा दी गई है। योजना का उद्देश्य सड़क हादसों के दौरान ‘गोल्डन ऑवर’ में घायलों को अस्पताल तक पहुंचाने वाले राहगीरों को प्रोत्साहित करना और उन्हें सम्मानित करना है।

राज्य स्तर पर पुरस्कार वितरण की प्रक्रिया
‘राहवीर’ पुरस्कार के लिए प्रत्येक जिले में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया गया है। इसमें एसएसपी, सीएमओ और आरटीओ सदस्य होंगे। हर महीने ऐसे व्यक्तियों की सूची परिवहन आयुक्त को भेजी जाएगी। चयनित राहवीरों को पुरस्कार राशि सीधे उनके बैंक खाते में ऑनलाइन भुगतान के माध्यम से दी जाएगी।

राष्ट्रीय स्तर पर चयन प्रक्रिया
राष्ट्रीय स्तर के लिए प्रत्येक राज्य से तीन नाम भेजे जाएंगे। चयन के लिए प्रमुख सचिव या सचिव-गृह की अध्यक्षता में एक समिति गठित की जाएगी, जिसमें डीजीपी, डीजी-हेल्थ, डायरेक्टर-ट्रैफिक और परिवहन आयुक्त सदस्य होंगे। इसके बाद देशभर के दस राहवीरों को एक-एक लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।

राज्य सरकार ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया है कि अब केवल केंद्र सरकार की ‘राहवीर’ योजना के तहत ही पुरस्कार दिए जाएं। इससे सड़क हादसों में घायलों की मदद करने वालों को प्रोत्साहन मिलेगा और सड़क दुर्घटनाओं में मौतों की संख्या भी कम करने में मदद मिलेगी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›