हरिद्वार खेड़ी खुर्द में चार लोगों के हत्यारे पर था 25 हजार का था इनाम, एसटीएफ ने दबोचा
देहरादून। उत्तराखंड पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने सीरियल मर्डर केस के 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी को दो साल बाद गिरफ्तार किया है। एसटीएफ के एसएसपी आयुष अग्रवाल ने बताया कि याद हुसैन निवासी खेड़ी खुर्द ने अपने साथियों के साथ मिलकर 21 मई 2021 को खेड़ी खुर्द में चार लोगों की नृशंस हत्या कर दी थी।
मृतकों में जहीर हसन, मोहमद कैफ, सहजन आलम और हुसैन अहमद निवासी खेड़ी खुर्द का नाम शामिल था। आरोपितों के खिलाफ लक्सर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया। मुकदमे में 13 आरोपित वर्तमान में जिला कारागार में हैं। आरोपी याद हुसैन घटना के बाद से ही लगातार फरार था। वह अलग-अलग जगह रह रहा था और फिर मंडी में फेरी का काम कर रहा था। एसटीएफ ने दो साल से फरार 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को मंडी हिमाचल प्रदेश से गिरफ्तार किया।