Report by : CWN Desk
Published at :
उत्तराखंड को मिली पहली महिला मुख्य सूचना आयुक्त, राधा रतूड़ी ने ली शपथ

देहरादून। उत्तराखंड की वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी राधा रतूड़ी ने शनिवार को राज्य की पहली महिला मुख्य सूचना आयुक्त के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली। राजभवन में आयोजित गरिमामय समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने राधा रतूड़ी को पद की शपथ दिलाई। उनके साथ सूचना आयुक्त के रूप में कुशलानंद कोठियाल और देवेंद्र कुमार आर्य ने भी शपथ ग्रहण की।

शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, सुबोध उनियाल, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, विधायक सविता कपूर, डीजीपी दीपम सेठ, सूचना आयुक्त योगेश भट्ट और दिलीप सिंह कुंवर, पूर्व डीजीपी अनिल रतूड़ी, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

राधा रतूड़ी हाल ही में 31 मार्च को उत्तराखंड की मुख्य सचिव पद से सेवानिवृत्त हुई थीं। वे राज्य की पहली महिला मुख्य सचिव बनने का गौरव प्राप्त कर चुकी हैं और अब उन्होंने पहली महिला मुख्य सूचना आयुक्त बनकर एक और कीर्तिमान स्थापित किया है।

वहीं सूचना आयुक्त के रूप में शपथ लेने वाले कुशलानंद कोठियाल मीडिया जगत से जुड़े रहे हैं और उनके पास तीन दशक से अधिक का अनुभव है। देवेंद्र कुमार आर्य पूर्व में उत्तराखंड राजस्व सेवा में वरिष्ठ अधिकारी रह चुके हैं और प्रशासनिक कार्यों में लंबा अनुभव रखते हैं।

राज्यपाल ने तीनों अधिकारियों को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए आशा जताई कि वे पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूती देने में अहम भूमिका निभाएंगे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›