Report by : CWN Desk
Published at :
उत्तराखंड सूचना आयोग को मिले नए आयुक्त, कोठियाल और आर्य को राज्यपाल आज दिलाएंगे शपथ

देहरादून। उत्तराखंड सूचना आयोग को लंबे इंतजार के बाद नए सूचना आयुक्त मिल गए हैं। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) गुरमीत सिंह की मंजूरी के बाद राज्य सरकार ने वरिष्ठ पत्रकार कुशलानंद कोठियाल और इनकम टैक्स विभाग के सेवानिवृत्त अधिकारी देवेंद्र आर्य को सूचना आयुक्त नियुक्त कर दिया है। दोनों को शनिवार दोपहर 12:30 बजे राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी।

इस मौके पर मुख्य सूचना आयुक्त के तौर पर पूर्व मुख्य सचिव राधा रतूड़ी भी शपथ लेंगी। तीनों की नियुक्ति से लंबे समय से खाली चल रहे सूचना आयोग के प्रमुख पद अब भर जाएंगे। इससे आयोग के कार्यों में गति आने की उम्मीद जताई जा रही है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हाल ही में चयन समिति की बैठक हुई थी, जिसमें इन तीनों नामों पर सहमति बनी थी। इसके बाद सामान्य प्रशासन विभाग ने शुक्रवार को आदेश जारी कर दिए।

मुख्य सूचना आयुक्त और सूचना आयुक्त के चयन में इस बार साफ-सुथरी छवि और कार्यकुशलता को प्राथमिकता दी गई है। वरिष्ठ पत्रकार कुशलानंद कोठियाल का लंबा अनुभव मीडिया और जनसरोकारों से जुड़ा रहा है, वहीं देवेंद्र आर्य कर निर्धारण और प्रशासनिक सेवा में विशेषज्ञता रखते हैं।

शपथ ग्रहण समारोह के बाद तीनों पदाधिकारी अपने कार्यभार संभालेंगे। इससे पहले सूचना आयोग में रिक्त पदों के कारण सूचना से संबंधित मामलों के निस्तारण में देरी हो रही थी। नई नियुक्तियों से अब पारदर्शिता और जवाबदेही के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव की उम्मीद की जा रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›