Report by : CWN Desk
Published at :
उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव: तैयारियां पूरी, आचार संहिता लागू

हल्द्वानी। उत्तराखंड में इस बार पंचायत चुनाव में 4.56 लाख नए मतदाता शामिल होंगे। वर्ष 2019 के मुकाबले मतदाताओं की संख्या में 10.57 प्रतिशत इजाफा दर्ज किया गया है। इस बार निर्वाचन आयोग चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए 67 प्रेक्षकों को तैनात करेगा, जिनमें 55 सामान्य प्रेक्षक और 12 आरक्षित प्रेक्षक शामिल होंगे।

तीन प्रवर्तन टीमें होंगी तैनात
राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार ने बताया कि जिला स्तर पर तीन प्रवर्तन टीमें गठित की जाएंगी। इनमें एक टीम जिला प्रशासन से, दूसरी पुलिस विभाग से, और तीसरी टीम आबकारी विभाग से होगी। ये टीमें चुनाव के दौरान अवैध मदिरा, मादक पदार्थ, नकदी व अन्य प्रलोभनों को जब्त करने और आवश्यक कार्रवाई करने के लिए जिम्मेदार होंगी।

व्यय पर निगरानी के लिए अधिकारी नियुक्त
हालांकि इस बार व्यय प्रेक्षक अलग से नियुक्त नहीं किए जा रहे, परंतु जिला स्तर पर अधिकारी नामित किए जाएंगे, जो चुनाव खर्च की निगरानी करेंगे। प्रशासनिक टीम के सहयोग से वे प्रत्याशियों के खर्च पर निगाह रखेंगे तथा समय-समय पर खर्च का मिलान करेंगे।

चुनाव खर्च सीमा में बदलाव
पिछले चुनाव के मुकाबले इस बार खर्च की सीमा में इजाफा किया गया है —

  • ग्राम पंचायत सदस्य: 10,000 रुपये
  • प्रधान: 50,000 से बढ़ाकर 75,000 रुपये
  • क्षेत्र पंचायत सदस्य: 50,000 से बढ़ाकर 75,000 रुपये
  • जिला पंचायत सदस्य: 1,40,000 से बढ़ाकर 2,00,000 रुपये

चुनाव कार्यक्रम (प्रथम चरण)

  • नामांकन: 25 से 28 जून (सुबह 8 से शाम 4 बजे)
  • जांच: 29 जून से 01 जुलाई (सुबह 8 बजे से)
  • नाम वापसी: 02 जुलाई (सुबह 8 से दोपहर 3 बजे)
  • चिन्ह आवंटन: 03 जुलाई (सुबह 8 बजे से)
  • मतदान: 10 जुलाई (सुबह 8 से शाम 5 बजे)
  • मतगणना: 19 जुलाई (सुबह 8 बजे से शुरू)

चुनाव कार्यक्रम (द्वितीय चरण)

  • नामांकन: 25 से 28 जून (सुबह 8 से शाम 4 बजे)
  • जांच: 29 जून से 01 जुलाई (सुबह 8 बजे से)
  • नाम वापसी: 02 जुलाई (सुबह 8 से दोपहर 3 बजे)
  • चिन्ह आवंटन: 08 जुलाई (सुबह 8 बजे से)
  • मतदान: 15 जुलाई (सुबह 8 से शाम 5 बजे)
  • मतगणना: 19 जुलाई (सुबह 8 बजे से शुरू)

प्रथम चरण के विकासखंड
अल्मोड़ा में ताकुला, धौलादेवी, ताड़ीखेत, भैंसियाछाना, लमगड़ा, चौखुटिया; ऊधमसिंहनगर में खटीमा, सितारगंज, गदरपुर, बाजपुर; चंपावत में लोहाघाट, पाटी; पिथौरागढ़ में धारचूला, डीडीहाट, मुनस्यारी, कनालीछीना; नैनीताल में बेतालघाट, ओखलकांडा, रामगढ़, धारी; बागेश्वर में बागेश्वर, गरुड़, कपकोट; उत्तरकाशी में मोरी, पुरोला, नौगांव; चमोली में देवाल, थराली, जोशीमठ, नारायणबगड़; टिहरी में जौनपुर, प्रतापनगर, जाखणीधार, थौलधार, भिलंगना; देहरादून में चकराता, कालसी, विकासनगर; पौड़ी में खिर्सू, पाबौ, थलीसैंण, नैनीडांडा, बीरोंखाल, रिखणीखाल, एकेश्वर, पोखड़ा; रुद्रप्रयाग में ऊखीमठ, जखोली, अगस्त्यमुनि।

द्वितीय चरण के विकासखंड
अल्मोड़ा में सल्ट, स्याल्दे, भिकियासैंण, हवालबाग, द्वाराहाट; ऊधमसिंहनगर में रुद्रपुर, काशीपुर, जसपुर; चंपावत में चंपावत, बाराकोट; पिथौरागढ़ में विण, मुनाकोट, बेरीनाग, गंगोलीहाट; नैनीताल में हल्द्वानी, रामनगर, भीमताल, कोटाबाग; उत्तरकाशी में डुंडा, चिन्यालीसौड़, भटवाड़ी; चमोली में पोखरी, दशोली, नंदानगर, कर्णप्रयाग, गैरसैंण; टिहरी में कीर्तिनगर, देवप्रयाग, नरेंद्रनगर, चंबा; देहरादून में डोईवाला, रायपुर, सहसपुर; पौड़ी में यमकेश्वर, जयहरीखाल, दुगड्डा, द्वारीखाल, पौड़ी, कोट, कल्जीखाल।

मतदाता सूची व जानकारी
मतदाताओं के लिए आयोग ने टोल फ्री नंबर 18001804280 जारी किया है। आयोग की वेबसाइट www.sec.uk.gov.in पर आदर्श आचार संहिता व मतदाता सूची भी उपलब्ध है। इसके अलावा ईमेल से भी संपर्क किया जा सकता है: [email protected]।

इस बार के पंचायत चुनाव में प्रशासन पूरी तैयारी के साथ पारदर्शी प्रक्रिया सुनिश्चित करने में जुटा है, ताकि सभी मतदाताओं को स्वतंत्र व निष्पक्ष रूप से मतदान करने का अवसर मिल सके।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›