Report by : CWN Desk
Published at :
उत्तराखंड में येलो अलर्ट जारी; 26 मई तक तेज बारिश और आंधी की चेतावनी

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बिगड़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने 26 मई तक के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। राज्य के कई जिलों में तेज हवाएं चलने, आकाशीय बिजली गिरने और भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि नैनीताल और पिथौरागढ़ में शनिवार को भारी बारिश हो सकती है, जबकि उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में आकाशीय बिजली के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है।

रविवार को नैनीताल, पिथौरागढ़ और चंपावत में भारी बारिश का अनुमान है, वहीं देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी और ऊधमसिंहनगर में 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी आने की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

आज और कल के लिए विभाग ने विशेष सतर्कता बरतने को कहा है, क्योंकि कुछ इलाकों में आकाशीय बिजली से जान-माल का नुकसान, अंधड़ से कच्चे मकानों को क्षति और संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन व चट्टान खिसकने की घटनाएं हो सकती हैं।

गौरतलब है कि इस बार मई में अब तक औसत से 65% अधिक बारिश हो चुकी है। अब तक 76 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य 46.1 मिमी होती है। देहरादून, टिहरी और हरिद्वार में तो सामान्य से 100% अधिक वर्षा दर्ज की गई है, जो मौसम के असामान्य रुख को दर्शाता है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›