Report by : CWN Desk
Published at :
स्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण की तिथि 10 जुलाई तक बढ़ी

हल्द्वानी। उत्तराखंड के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में स्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के इच्छुक छात्र-छात्राओं के लिए अच्छी खबर है। अब वे 10 जुलाई तक समर्थ पोर्टल में ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। उच्च शिक्षा सचिव डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा के निर्देश पर यह निर्णय लिया गया है। पहले पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 जून निर्धारित थी, लेकिन कई छात्र-छात्राएं समय रहते पंजीकरण नहीं कर सके थे।

उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ऐसे विद्यार्थियों को एक और मौका देने के लिए अंतिम तिथि को 10 जुलाई तक बढ़ा दिया गया है। यह निर्णय विद्यार्थियों की सुविधा और उच्च शिक्षा में अधिकतम प्रवेश सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया है।

अब तक समर्थ पोर्टल पर कुल 57,571 छात्रों ने पंजीकरण किया है, जिनमें से 52,746 ने विषय और संस्थान के विकल्प के साथ आवेदन पत्र भी भरे हैं। विश्वविद्यालयवार आंकड़ों के अनुसार कुमाऊं विश्वविद्यालय में 23,914, श्री देव सुमन विश्वविद्यालय में 18,997, और सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के लिए 9835 छात्र-छात्राएं पंजीकरण कर चुके हैं।

छात्रों से अपील की गई है कि वे अंतिम तिथि से पहले जल्द से जल्द पंजीकरण कर लें ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो और वे अपनी पसंद के विषय व संस्थान में प्रवेश प्राप्त कर सकें।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›