Connect with us

कोटद्वार

कोटद्वार में पत्नी और प्रेमी गिरफ्तार; संपत्ति विवाद व अवैध संबंध बने हत्या की वजह

Published

on

खबर शेयर करें 👉

कोटद्वार। कोटद्वार-दुगड्डा मार्ग पर बीते 5 जून को मिले अज्ञात शव के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी रीना सिन्धू और उसके प्रेमी पारितोष कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। शव की पहचान रविन्द्र कुमार पुत्र स्व. रामस्वरुप, निवासी रजोकरी, वसंत कुंज, नई दिल्ली के रूप में हुई।

एसएसपी पौड़ी लोकेश्वर सिंह के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह, सीओ कोटद्वार निहारिका सेमवाल और प्रभारी निरीक्षक रमेश तनवर के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 5 जून को एक संदिग्ध कार को चिह्नित किया। इसके बाद आरोपी 34 वर्षीय रीना पत्नी स्व. रविन्द्र कुमार, निवासी सी-51, रामगंगा विहार, मुरादाबाद, थाना सिविल लाइंस, और 33 वर्षीय पारितोष कुमार, पुत्र देवेंद्र कुमार, निवासी सराय पुरैनी, थाना नगीना, जिला बिजनौर को बिजनौर से गिरफ्तार किया गया।

यह भी पढ़ें 👉  मेयर ने किया शौचालय का निरीक्षण, व्यवस्थाएं सुधारने को दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम

पूछताछ में दोनों ने रविन्द्र की हत्या स्वीकार की। जांच में खुलासा हुआ कि मुरादाबाद में स्थित एक मकान को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद था। रविन्द्र मकान बेचना चाहता था, लेकिन रीना इस पर राजी नहीं थी। इस बीच रीना और पारितोष के अवैध संबंध गहरे हो चुके थे, और दोनों ने मिलकर रविन्द्र को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

इस तरह रची हत्या की साजिश

रीना ने रविन्द्र को नगीना बुलाया, जहां पारितोष पहले से मौजूद था। दोनों ने मिलकर रविन्द्र को शराब पिलाई और फिर फावड़े से गले व सीने पर वार कर उसकी हत्या कर दी। शव को गाड़ी में रखकर रामनगर होते हुए कोटद्वार लाया गया। तड़के शव को दुगड्डा क्षेत्र के समीप सड़क से नीचे फेंक दिया गया और आरोपी गाड़ी छोड़कर फरार हो गए।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड बारिश कहर: कोटद्वार में चट्टान गिरने से दो की मौत, कई घायल; चार हाईवे बाधित

एसएसपी लोकेश्वर सिंह ने बताया कि आरोपी हत्या के बाद मौके से भागे थे, लेकिन जांच टीम ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उन्हें ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया है। मामले में मृतक के भाई राजेश कुमार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने इस हत्याकांड को अवैध संबंध, संपत्ति विवाद और वैवाहिक कलह के परिणामस्वरूप सोची-समझी साजिश बताया है। पुलिस मामले में अन्य साक्ष्यों को एकत्र करने में जुटी है ताकि आरोपियों को सख्त सजा दिलाई जा सके।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement