Connect with us

हरिद्वार

वोट चोरी की राजनीति जनता के सामने: शैलजा का BJP पर बड़ा हमला, ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ अभियान तेज

Published

on

खबर शेयर करें 👉

उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा ने हरिद्वार में ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ हस्ताक्षर अभियान के दौरान भाजपा पर वोट चोरी का आरोप लगाया। राहुल गांधी ने बनाया इसे मुद्दा। हरीश रावत ने लोकतंत्र कमजोर करने का दावा किया।

हरिद्वार। उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर वोटों की चोरी करने का गंभीर आरोप लगाया है। सोमवार को लक्सर नगर में “वोट चोर गद्दी छोड़” हस्ताक्षर अभियान के तहत आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए शैलजा ने कहा कि भाजपा की यह “वोट चोरी की राजनीति” अब देश की जनता के सामने पूरी तरह से उजागर हो चुकी है। उन्होंने इस मुद्दे को देश का सबसे जरूरी विषय बनाने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की सराहना की और दावा किया कि उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि हरियाणा और महाराष्ट्र जैसे राज्यों के चुनाव में भी वोट चोरी की गई है।
संविधानिक अधिकार दिलाने की मुहिम
कांग्रेस प्रदेश प्रभारी शैलजा ने जोर देकर कहा कि 2014 के बाद 2019 आते-आते लोग भाजपा की नीतियों को समझ चुके थे। इसके बाद से भाजपा सिर्फ वोट चोरी करके सत्ता की कुर्सी पर काबिज है। उन्होंने कहा कि “वोट चोर, गद्दी छोड़” केवल एक नारा नहीं है, बल्कि यह लोगों को उनका संवैधानिक अधिकार वापस दिलाने की कांग्रेस की एक बड़ी मुहिम है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठित होकर भाजपा सरकार की गलत नीतियों और वोट चोरी के खिलाफ जनता को जागरूक करें। उन्होंने मांग की कि भाजपा को जवाब देना चाहिए कि वोट चोरी क्यों हुई, और चुनाव आयोग को भी जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।
लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर कर रही भाजपा
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर कर रही है और सरकारी संस्थाओं की शक्ति का उपयोग जन भावनाओं को कुचलने के लिए कर रही है। रावत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर निरंकुश और तानाशाही तरीके से शासन करने का आरोप लगाया। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने धामी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके शासनकाल में हुई लगभग सभी सरकारी नौकरी की परीक्षाओं के पेपर लीक हुए हैं। इस गंभीर मुद्दे पर मुख्यमंत्री को पद से त्यागपत्र देना चाहिए था। प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि भाजपा संविधान को अपने हक में बदलने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस, संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए यह अभियान चला रही है।

Select Language

Advertisement