Report by : CWN Desk
Published at :
जल्द ही प्राथमिक एवं माध्यमिक स्तर पर आठ हजार शिक्षकों की होगी भर्ती: डॉ धन सिंह

चतुर्थ श्रेणी के 2500 पदों पर आउटसोर्स के माध्यम से भर्ती की जाएगी
देहरादून। शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि राजकीय विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए जल्द ही प्राथमिक एवं माध्यमिक स्तर पर आठ हजार शिक्षकों की भर्ती होगी। साथ ही चतुर्थ श्रेणी के 2500 पदों पर आउटसोर्स के माध्यम से भर्ती की जाएगी। यह बात उन्होंने मंगलवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज रुद्रप्रयाग में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में कही।
चार दिवसीय प्रदेश भ्रमण कार्यक्रम के दौरान रुद्रप्रयाग में शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता की बेहतरी के प्रयास जारी है। उन्होंने कॉलेज परिसर में आंवले के पौध का रोपण किया। रावत ने कहा कि स्कूलों में शिक्षकों की कमी को हर हाल में दूर किया जाएगा। शिक्षकों की सुविधा के लिए प्रदेश स्तर पर ‘मानव सम्पदा’ पोर्टल तैयार किया जा रहा है। जिस पर शिक्षकों का सम्पूर्ण डाटा ऑनलाइन उपलब्ध रहेगा। छात्र-छात्राओं को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पाठ्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्द्धन का पाठ शामिल किया जाएगा। पोर्टल पर शिक्षक अवकाश सुविधा, चरित्र प्रविष्टि, पदोन्नति आदि के साथ ही अपनी शिकायत एवं समस्याएं भी दर्ज करा सकेंगे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›