Report by : CWN Desk
Published at :
एचएनबी चिकित्सा शिक्षा विवि ने निरस्त की बीएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा

अब परीक्षा 18 जून को पुन: उन्हीं केंद्रों पर होगी जिनमें पहले हुई थी

देहरादून। एचएनबी चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय ने रविवार को आयोजित की गई बीएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा निरस्त हो गई है। यह परीक्षा 18 जून को पुन: आयोजित की जाएगी। विवि ने परीक्षा केंद्रों में किसी तरह का बदलाव नहीं किया है। जिन केंद्रों पर पूर्व में परीक्षा हुई थी, उन्हीं केंद्रों पर दस से 12 बजे तक परीक्षा आयोजित की जाएगी।
एचएनबी चिकित्सा शिक्षा विवि की ओर से शनिवार व रविवार को नर्सिंग एवं पैरामेडिकल प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया। रविवार को विभिन्न केंद्रों पर बीएससी नर्सिंग की परीक्षा हुई। तय पैटर्न के अनुसार प्रश्न पत्र में फिजिक्स, केमेस्ट्री, बायोलाजी, नर्सिंग एप्टीट्यूट व अंग्रेजी के 20-20 प्रश्न होते हैैं। पर प्रश्न पत्र देख अभ्यर्थियों का सिर चकरा गया। इसमें 80 प्रश्न बायोलाजी व 20 अंग्रेजी के पूछे गए थे।
फिजिक्स, केमेस्ट्री व नर्सिंग एप्टीट्यूट का प्रश्न पत्र में एक भी सवाल नहीं था। जिसकी शिकायत अभ्यर्थियों ने विवि से की थी। विवि के कुलसचिव एवं परीक्षा नियंत्रक डा. एमके पंत के अनुसार उक्त परीक्षा पुन: आयोजित की जाएगी। इसमें वही अभ्यर्थी शामिल होंगे जिन्होंने पूर्व में आयोजित परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया था। उन्हें न अलग से पंजीकरण करना होगा और न किसी तरह का शुल्क देना होगा। परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र 13 जून शाम छह बजे से विवि की वेबसाइट से डाउनलोड किए जा सकते हैैं। बिना प्रवेश पत्र किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा देने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›