Report by : CWN Desk
Published at :
पौड़ी जिले में ठंड में नाइट ड्यूटी करने वाले पुलिस कर्मियों को मिलेगी चाय, जलेगा अलाव

एसएसपी ने जारी किए व्यवस्था करने के निर्देश, सतर्कता बढ़ने से चोरी की घटनाओं पर लगेगा अंकुश
पौड़ी। जनपद में सर्द हो चले मौसम और रात्रि को पड़ रही कड़ाके की ठंड के बीच अब रात्रि गश्त व ड्यूटी पर तैनात पुलिस के जवानों को चाय की चुस्की और अलाव की सुविधा भी मिलेगी। इस दिशा में कई थाना प्रभारियों की ओर से कार्य भी शुरू कर दिया गया है।
यह व्यवस्था मौजूदा सर्दियों के मौसम तक बनी रहे, इसके लिए विभाग की ओर से सभी थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी जारी कर दिए हैं।
सर्दियों का मौसम शुरू होते ही रात्रि को कड़ाके की ठंड भी शुरू हो जाती है। खासकर रात्रि को कई स्थानों में पाला जमना भी शुरु हो जाता है। विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले पौड़ी जनपद में गाए-बगाए यह स्थिति बखूबी देखी जा सकती है। ऐसे समय में चोरों द्वारा चोरी की घटनाओं को अंजाम दिए जाने की संभावना बनी रहती है। इस सब के बीच पुलिस के जवान रात्रि गश्त पर हो या फिर सार्वजनिक स्थानों पर तैनात रह कर हर गतिविधि पर नजर रखते हैं।
अब जनपद की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने रात्रि को काफी ठंड हो चले मौसम को देखते हुए ड्यूटी में तैनात पुलिस कर्मियों के लिए चाय और अलाव की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इस संबंध में उन्होने जनपद के सभी थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी जारी कर दिए हैं। बताया गया कि एसएसपी के आदेश के बाद अब रात्रि डयूटी या गश्त में तैनात कार्मिकों को यह सुविधा मिलने लगी है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›