Report by : CWN Desk
Published at :
उत्तराखंड में अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों को इन छह विभागों में मिलेगी नौकरी

मुख्य सचिव डॉ.एसएस संधु की अध्यक्षता में सचिवालय में हुई अहम बैठक में यह निर्णय
देहरादून। उत्तराखंड में अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेता खिलाड़ियों को छह विभागों में ही नौकरी मिलेगी। मुख्य सचिव डॉ.एसएस संधु की अध्यक्षता में मंगलवार को सचिवालय में हुई अहम बैठक में यह निर्णय लिया गया। इसके साथ ही प्रस्तावित खेल नीति के कुछ और प्रावधानों को भी संशोधित किया जा रहा है।
मुख्य सचिव डॉ.एसएस संधु ने खेल नीति के प्रस्तावों पर खेल अधिकारियों से बिंदुवार चर्चा की। लंबी चर्चा के बाद खिलाड़ियों को नौकरी देने वाले विभागों को तय कर दिया गया। छह विभाग चिन्हित किए गए हैं। पूर्व में प्रस्तावित आठ अन्य विभागों को फिलहाल तकनीकी वजहों से हटा लिया गया है। राज्य में होने वाले 38 वें राष्ट्रीय खेलों के लिए गठित होने वाली हॉईपावर कमेटी के संदर्भ में अगली कैबिनेट बैठक में प्रस्ताव लाया जाएगा। बैठक में प्रमुख सचिव शहरी विकास एवं वन आरके सुधांशु, विशेष प्रमुख सचिव खेल एवं युवा कल्याण अभिनव कुमार, सचिव परिहवन अरविन्द सिंह हयांकी, सचिव वित्त दिलीप जावलकर, सचिव आबकारी हरीश चन्द्र सेमवाल, अपर सचिव राजस्व आनन्द श्रीवास्तव, अपर सचिव कार्मिक ललित मोहन रयाल, निदेशक खेल, जितेन्द्र कुमार सोनकर एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे ।
ये होंगे पात्र
ओलंपिक विश्व चैम्पियनशिप/ विश्वकप, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन चैम्पियनशिप कॉमन वेल्थ चैम्पियनशिप, सैफ गेम्स और नेशनल गेम्स के पदक विजेता
ऐसे मिलेगी नौकरी
समूह ‘ख’ एवं ‘ग’ के ग्रेड पे-5400 से लेकर ग्रेड पे 2000 तक के विभिन्न पदों पर आउट आफ टर्न नियुक्ति, प्रथम चरण में पुलिस विभाग, खेल विभाग, युवा कल्याण विभाग, वन विभाग, शिक्षा विभाग एवं परिवहन विभाग में मिलेगी नौकरी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›