Report by : CWN Desk
Published at :
आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की आम आदमी पार्टी से बनी बात

इन राज्यों में भी बनी सहमति, अंतिम चरण में बातचीत
नई दिल्ली। आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर विपक्षी पार्टियों के बीच चल रही खींचतान अब खत्म होते हुए दिखाई दे रही है। बीते दिनों कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच चल रही रार समाप्त हो गई और सीटों का बंटवारा भी हो गया। और अब आम आदमी पार्टी (AAP) की तरफ से भी बड़ी खुशखबरी मिल रही है।
कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच दिल्ली, गुजरात और हरियाणा में सीटों के बंटवारे पर सहमति बनने की संभावना है और इसको लेकर जल्द ही औपचारिक एलान हो सकता है।
समाचार एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि लोकसभा चुनाव के लिए दिल्ली और कुछ अन्य राज्यों में सीट शेयरिंग फॉर्मूले पर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच बातचीत अंतिम चरण में है और दोनों पक्ष जल्द ही अपने गठबंधन का एलान कर सकते हैं।
बकौल सूत्र, दोनों पक्ष के बीच लगभग सहमति बन गई है। आम आदमी पार्टी सूत्रों ने कहा कि दक्षिणी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, उत्तर पश्चिम दिल्ली और नई दिल्ली सीटों पर आम आदमी पार्टी अपने उम्मीदवार उतारेगी, जबकि कांग्रेस चांदनी चौक, पूर्वी दिल्ली और उत्तर पूर्वी दिल्ली सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इसका मतलब साफ है कि 4-3 के फॉर्मूले पर दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी है। हालांकि, दिल्ली की सभी सात सीटें वर्तमान में भाजपा के पास हैं।
कांग्रेस ने हरियाणा में आम आदमी पार्टी को एक और गुजरात में दो सीटें देने का फैसला किया है। हालांकि, अभी तक यह तय नहीं हो पाया है कि कांग्रेस हरियाणा की कौन सी सीट आम आदमी पार्टी को देगी, लेकिन यह माना जा रहा है कि गुरुग्राम या फरीदाबाद सीट दी जा सकती है। वहीं, गुजरात की भरूच और भावनगर सीट पर आम आदमी पार्टी अपने उम्मीदवार उतारेगी।
आम आदमी पार्टी ने भरूच सीट से पहले ही उम्मीदवार का एलान कर दिया था। इस सीट से कांग्रेस के दिवंगत नेता अहमद पटेल के बेटे और बेटी दावेदार थे। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को कहा कि गठबंधन पर बातचीत में देरी हो रही है। इस माह की शुरुआत में आम आदमी पार्टी ने चैतर वसावा को भरूच और उमेशभाई मकवाना को भावनगर से उम्मीदवार बनाया था।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›