Report by : CWN Desk
Published at :
बीरोंखाल में भीषण सड़क हादसा: खाई में गिरा वाहन, दो की मौत, छह घायल

बीरोंखाल। काशीपुर-बुआखाल हाईवे पर बुधवार रात एक दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दिल्ली से थलीसैंण के भंडेली गांव जा रहा एक वाहन जिवई के पास बाइक को साइड देने के प्रयास में अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

थलीसैंण थानाध्यक्ष लाखन सिंह के अनुसार, वाहन खाई में गिरकर पूर्वी नयार नदी तक जा पहुंचा। इस दुर्घटना में बिलेश्वरी देवी (55 वर्ष), पत्नी खुशाल सिंह निवासी ग्राम नानस्यूं पजियाणा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, संदीप उर्फ सन्नी (30 वर्ष), पुत्र भीम सिंह निवासी ग्राम कुंड ने रामनगर अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

हादसे में घायल अक्षरा (13 वर्ष), दिपांशु (9 वर्ष), वाहन चालक मनवर सिंह (निवासी मासों), बालेश्वरी देवी (निवासी ग्राम भण्डेली) और बथुली देवी (62 वर्ष) को स्थानीय पुलिस व ग्रामीणों की मदद से गहरी खाई से बाहर निकालकर इलाज के लिए भेजा गया। रात के अंधेरे में रेस्क्यू ऑपरेशन बेहद चुनौतीपूर्ण रहा।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही कैबिनेट मंत्री व स्थानीय विधायक सतपाल महाराज ने शोक जताते हुए प्रशासन को घायलों को शीघ्र आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। हादसे में मृत युवक संदीप का शव रामनगर में ई-रिक्शा से पोस्टमार्टम हाउस ले जाया गया, जो व्यवस्था की बदहाली को भी उजागर करता है। पुलिस हादसे की जांच में जुटी है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›