Report by : CWN Desk
Published at :
उत्तराखंड में त्योहारी सीजन में मिलावटखोरों पर चलेगा डंडा

देहरादून: उत्तराखंड में त्योहारी सीजन के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ सघन अभियान चलाने का फैसला किया है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने मंगलवार को विभाग की समीक्षा बैठक में यह जानकारी दी।
मिलावटखोरों पर शिकंजा कसेगा
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि खाद्य सुरक्षा उपायुक्त के नेतृत्व में गढ़वाल और कुमाऊं मंडल में मिलावटखोरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। आगामी 10 दिनों में सभी जिलों में खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती राज्यों से अवैध रूप से आने वाले नकली खाद्य पदार्थों और दूध उत्पादों पर भी नजर रखी जाएगी और पुलिस के साथ मिलकर सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।
जन जागरूकता अभियान भी चलेगा
स्वास्थ्य मंत्री ने ईट राइट इंडिया कैंपेन को प्रदेश में प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत राजकीय विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, आवासीय विद्यालयों और छात्रावासों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
विभागीय कार्रवाई
पिछले छह महीनों में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने 696 सैंपल लिए थे, जिनमें से 50 सैंपल मानकों के विपरीत पाए गए। इसके अलावा 1690 सर्विलांस सैंपल एकत्रित किए गए, जिनमें से 7 सैंपल मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। विभाग ने विभिन्न न्यायालयों में दायर वादों के निपटारा कर 25.37 लाख रुपये की रिकवरी की है।
बैठक में मौजूद रहे
बैठक में अपर सचिव स्वास्थ्य अनुराधा पाल, महानिदेशक स्वास्थ्य डा. तारा आर्य, अपर आयुक्त ताजबर सिंह, औषधि नियंत्रक हेमंत बिष्ट, संयुक्त निदेशक डॉ. आरके सिंह, उपायुक्त जीसी कंडवाल, आरएस रावत, डॉ. सुधीर कुमार, निशांत त्यागी और डीओ देहरादून मनीष सयाना मौजूद रहे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›