Report by : CWN Desk
Published at :
पौड़ी में गुलदार का आतंक: ग्रामीण को मार डाला, सिर धड़ से अलग, गांव में दहशत

पौड़ी। पौड़ी जिले के एकेश्वर ब्लॉक के सिरौली (मुंडयाप) गांव में गुलदार के हमले में एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। जानकारी के मुताबिक, गांव के निवासी 55 वर्षीय पूरण सिंह सोमवार शाम बाजार से अपने घर लौट रहे थे, लेकिन देर रात तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।

मंगलवार सुबह करीब सात बजे गांव से दो किलोमीटर दूर पैदल रास्ते में पूरण सिंह का शव मिला। शव का हाल देखकर हर किसी के रौंगटे खड़े हो गए। उनका सिर धड़ से अलग पड़ा था। आशंका जताई जा रही है कि गुलदार ने हमला करने के बाद शव को घसीटकर झाड़ियों में ले गया और वहीं पर सिर को अलग कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही दमदेवल रेंज के वनाधिकारी स्वप्निल अनिरुद्ध अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि गुलदार को नरभक्षी घोषित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और मुख्य वन्य जीव प्रतिपालक को रिपोर्ट भेजी गई है। अनुमति मिलते ही शूटरों की तैनाती कर गुलदार को मारने की कार्रवाई की जाएगी।

वन विभाग ने एहतियात के तौर पर गांव और आसपास के क्षेत्र में टीम तैनात कर दी है ताकि लोगों को गुलदार के खतरे से बचाया जा सके। विभाग की ओर से मृतक के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

गौरतलब है कि क्षेत्र में पहले भी गुलदार के हमले की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे ग्रामीणों में लगातार भय का माहौल बना हुआ है। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और अकेले जंगल की ओर न जाने की अपील की है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›