Connect with us

उत्तराखण्ड

श्रीराम के अपने धाम में विराजने की खुशी में उत्तराखंड में जबरदस्त उल्लास, हर तरफ श्री राम के जयकारे

Published

on

लोग दीपावली मनाने को उत्साहित, निकाली जा रही शोभायात्रा
हल्द्वानी। श्रीराम के अपने धाम में विराजने की खुशी में देवभूमि का कण-कण उल्लासित है। शहर और गांव रंग-विरंगी रोशनी से जगमग हैं। घर और मंदिर सज गए हैं। आज रामलला विग्रह के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के निमित्त घाटी से लेकर पहाड़ की चोटी और शहर से लेकर सीमांत तक दीपोत्सव मनाया जाएगा। गांव से लेकर शहरों में श्रीराम के स्वागत में शोभायात्रा निकाली जा रही हैं। गली गली में जय श्री राम के जयकारे लग रहे हैं।
प्रदेशभर में श्रीराम की शोभायात्राएं निकाली जाएंगी। मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन, सुंदरकांड व रामचरित मानस पाठ किये जा रहे हैं। भंडारा में भक्तों को राम हलुवा का विशेष प्रसाद बांटा जाएगा।
राज्य में विभिन्न स्थानों पर एलईडी लगाकर अयोध्या में होने वाले समारोह का सजीव प्रसारण दिखाने की व्यवस्था की गई है। वहीं, चारों धाम के शीतकालीन गद्दीस्थलों चमोली जिले में योग-ध्यान बदरी मंदिर पांडुकेश्वर व नृसिंह मंदिर जोशीमठ, रुद्रप्रयाग जिले में ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ और उत्तरकाशी जिले में गंगा मंदिर मुखवा व यमुना मंदिर खरसाली में भी उत्सव मनाया जाएगा।
त्रेता युग में भगवान राम के अयोध्या लौटने पर दीपोत्सव मनाया गया था और इस बार रामलला विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर लोग दीपावली मनाने को उत्साहित हैं। इसकी झलक देवभूमि के कण-कण में नजर आ रही है। राम भक्ति में डूबे लोगों ने कहीं वंदनवार सजाए हैं तो कहीं गलियों को भगवा झंडों से पाटने के साथ ही रंग-विरंगी रोशनी से सजाया गया है।
घर और मंदिरों का भी फूल माला व रंग-विरंगी रोशनी से शृंगार किया गया है। आज जब रामलला विधि-विधान से अपने आसन पर विराजेंगे तो घर और मंदिरों में दीपों की शृंखला प्रज्वलित की जाएगी। व्यापारिक और सार्वजनिक प्रतिष्ठान भी दीयों की रोशनी से नहाएंगे। राजधानी देहरादून में टपकेश्वर महादेव मंदिर में 21 हजार दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।
हरिद्वार स्थित हरकी पैड़ी और ऋषिकेश में गंगा तट को दीयों से रोशन किया जाएगा। नैनीताल के नयनादेवी मंदिर और कैंची धाम में कलश यात्रा निकलेगी। जब अयोध्या में रामलला विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा हो रही होगी, तभी पिथौरागढ़ के रामेश्वर मंदिर परिसर में राम मंदिर की स्थापना होगी। चंपावत जिले के शारदा घाट में गंगा आरती व दीपोत्सव का भव्य आयोजन होगा।

GET IN TOUCH

संपादक: गुलाब सिंह
पता: हल्द्वानी, उत्तराखण्ड
दूरभाष: +91 9412960065
ई-मेल: [email protected]

Select Language

Advertisement

© 2023, CWN (City Web News)
Get latest Uttarakhand News updates
Website Developed & Maintained by Naresh Singh Rana
(⌐■_■) Call/WhatsApp 7456891860