Report by : CWN Desk
Published at :
चमोली: बारिश और ओलावृष्टि से जनजीवन अस्त-व्यस्त, बदरीनाथ हाईवे बंद, यात्री फंसे

गोपेश्वर। चमोली जनपद में सोमवार शाम हुई तेज बारिश और ओलावृष्टि ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। पहाड़ी क्षेत्रों में मूसलधार बारिश के कारण कई जगहों पर भूस्खलन और नालों के उफान से स्थिति और गंभीर हो गई। सबसे अधिक प्रभाव बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पड़ा, जहां पागलनाला में भारी मलबा आने से सड़क अवरुद्ध हो गई। इसके चलते बदरीनाथ की यात्रा पर जा रहे और लौट रहे यात्री फंस गए हैं।

जिलाधिकारी डॉ. संदीप तिवारी ने बताया कि यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका गया है और राहत कार्य जारी है। लगातार हो रही बारिश से पागलनाला क्षेत्र में मलबा हटाने में कठिनाई आ रही है। प्रशासन की ओर से सड़क को जल्द से जल्द खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उधर, पीपलकोटी क्षेत्र में मंगरो बरसाती नाला उफान पर आ गया, जिससे उसका मलबा सड़क पर फैल गया और चार वाहन इसकी चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि इन वाहनों में कोई यात्री सवार नहीं था। इसके अलावा, कुछ दुकानों में भी मलबा घुस गया, जिससे दुकानदारों को भारी नुकसान हुआ है। नाले के अचानक उफान पर आने से लोग भयभीत हो गए हैं।

भारी बारिश और ओलावृष्टि के कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य लगातार जारी हैं।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›