Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी: शादी से लौटते समय दर्दनाक हादसा: लघुशंका को रुके युवक को तेज रफ्तार कार ने रौंदा, उपचार के दौरान मौत

हल्द्वानी। एक शादी समारोह से लौट रहे वनभूलपुरा निवासी युवक की रविवार देर रात सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। युवक कार से अपने परिवार के साथ घर लौट रहा था, तभी रास्ते में लघुशंका के लिए रुका और पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने उसे कुचल दिया। हादसे के बाद घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

वनभूलपुरा के इंदिरानगर निवासी आरिश (पुत्र मोहम्मद अंसार) रविवार को रामनगर में आयोजित एक शादी समारोह में परिवार सहित कार से गया था। देर रात समारोह से लौटते समय रामनगर से कुछ दूरी पर आरिश ने लघुशंका के लिए कार रोकी और सड़क किनारे उतरा। तभी पीछे से तेज गति में आ रही एक कार ने उसे जबरदस्त टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गई।

हादसे के तुरंत बाद परिवार वालों ने आरिश को गंभीर हालत में रामनगर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद उसे हल्द्वानी के मुखानी स्थित एक निजी अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई।

मुखानी थाने के उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›