Connect with us

देहरादून

देहरादून: सड़क बंद होने से नहीं मिल पाया समय पर इलाज, महिला की मौत

Published

on

खबर शेयर करें 👉

चकराता। भारी बारिश से पहाड़ी रास्तों पर मलबा आने के कारण ग्रामीणों की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं। सिलीखड्ड-कुनैन मोटर मार्ग पिछले छह दिन से बंद पड़ा है, जिससे झबराड़ गांव की 65 वर्षीय संतो देवी को समय पर इलाज नहीं मिल सका।
जानकारी के अनुसार संतो देवी पिछले पांच दिन से बुखार से पीड़ित थीं। शुक्रवार को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने पर ग्रामीणों ने उन्हें डंडी-कंडी के सहारे नौ किलोमीटर पैदल रास्ता तय कर मुख्य मार्ग तक पहुंचाया। वहां से 108 सेवा की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चकराता लाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
इसी प्रकार कुनैन गांव की दसी देवी को भी गंभीर अवस्था में ग्रामीणों ने 11 किलोमीटर डंडी-कंडी के सहारे मुख्य मार्ग तक पहुंचाया। उन्हें उपचार के लिए विकासनगर ले जाया गया, जहां फिलहाल उनका इलाज जारी है।
क्षेत्र पंचायत सदस्य कुनैन नरेश चौहान ने बताया कि सड़क लंबे समय से बंद होने के कारण ग्रामीणों को गंभीर बीमारियों में भी मरीजों को कंधों पर उठाकर लाना पड़ रहा है। इससे जान जोखिम में पड़ रही है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क खोलने और वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बंद होने से न सिर्फ बीमारों को अस्पताल पहुंचाना मुश्किल हो गया है, बल्कि आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति भी ठप पड़ गई है। संतो देवी की मौत ने क्षेत्र में आक्रोश और चिंता दोनों बढ़ा दी हैं।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी बनभूलपुरा के लोगों के समर्थन में अलीगढ़ की सड़कों पर उतरे एएमयू छात्र, प्रोटेस्ट मार्च निकाला

Select Language

Advertisement