Connect with us

उत्तराखण्ड

बदरीनाथ धाम में सीएम धामी ने की पूजा-अर्चना: मास्टर प्लान कार्यों का जायजा लिया, संतों का लिया आशीर्वाद

Published

on

खबर शेयर करें 👉

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बदरीनाथ धाम में पूजा-अर्चना कर मास्टर प्लान के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। साथ ही उन्होंने स्वामीनारायण कथा महोत्सव में भाग लिया।

चमोली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को श्री बदरीनाथ धाम पहुंचकर भगवान बदरीविशाल की विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए भगवान से प्रार्थना की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने बदरीनाथ धाम में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
सीएम धामी ने आस्था पथ सहित बदरीनाथ मास्टर प्लान के तहत हो रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधाओं और धाम की आध्यात्मिक गरिमा का ध्यान रखा जाए।
निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने श्री स्वामीनारायण गुरुकुल राजकोट संस्थान द्वारा आयोजित ‘बदरीनाथ धाम कथा महोत्सव’ में हिस्सा लिया। इस आध्यात्मिक कार्यक्रम में देश के विभिन्न प्रांतों से आए 150 से अधिक संत-साध्वी और 1200 से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए। सीएम ने संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के सनातन केंद्रों का तेजी से विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बदरीनाथ धाम को उसके पौराणिक स्वरूप के अनुरूप भव्य और दिव्य बनाने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने संत समाज का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से सनातन परंपराएं नई पीढ़ी तक पहुंचती हैं। इस अवसर पर जिला प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Select Language

Advertisement