देहरादून
देहरादून में भीषण हादसा: मोहब्बेवाला में सीमेंट से लदा 16 टायरा ट्रक पलटा, दो की मौत
देहरादून के मोहब्बेवाला में सीमेंट से भरा ट्रक पलटने से दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई और 2 घायल हुए हैं।
देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मोहब्बेवाला क्षेत्र में सीमेंट से लदा एक 16 टायर वाला भारी ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। इस भीषण दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब सीमेंट से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलटा, उसी समय पास से गुजर रही एक बाइक भी उसकी चपेट में आ गई। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत हादसे की सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने घायलों को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात भी बाधित रहा।
पुलिस प्रशासन ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतकों की पहचान की जा रही है और हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
