Connect with us

हल्द्वानी

लालकुआं में बड़ा हादसा: ट्रेन की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत

Published

on

खबर शेयर करें 👉

लालकुआं में रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से 25 वर्षीय युवक की मौके पर मौत हो गई। जीआरपी और पत्रकारों ने आर्थिक मदद की।

हल्द्वानी। लालकुआं स्थित वीआईपी गेट रेलवे फाटक के पास सोमवार सुबह एक दुखद ट्रेन हादसा हो गया। रेलवे ट्रैक पार करते समय 25 वर्षीय युवक सुरेंद्र सिंह राठौड़ अचानक कासगंज पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और लालकुआं कोतवाली पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
जीआरपी चौकी प्रभारी सतपाल सिंह पटवाल ने बताया कि मृतक सुरेंद्र पुत्र महेंद्र सिंह राठौड़ मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले (तहसील दातागंज, ग्राम जमालपुर) का निवासी था। वह वर्तमान में वीआईपी गेट क्षेत्र में एक किराए के मकान में रह रहा था। सोमवार सुबह करीब 11 बजे जब वह रेलवे ट्रैक पार कर रहा था, उसी दौरान लालकुआं से कासगंज की ओर जा रही ट्रेन की चपेट में आ गया।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, मृतक का परिवार पहले नगीना कॉलोनी में निवास करता था। हालांकि, रेलवे विस्तारीकरण के दौरान कॉलोनी हटने के बाद से परिवार को भारी आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा था। आर्थिक स्थिति इतनी खराब थी कि पोस्टमार्टम के बाद शव को अस्पताल से वापस लाने तक के लिए परिवार के पास पर्याप्त धन नहीं था।
घटना के बाद इंसानियत की एक मिसाल भी देखने को मिली। परिवार की दयनीय स्थिति को देखते हुए जीआरपी के जवानों और मौके पर मौजूद पत्रकारों ने आपस में आर्थिक सहयोग कर शव को लालकुआं वापस लाने की व्यवस्था की। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

Select Language

Advertisement