उधमसिंह नगर
रुद्रपुर में युवती से हैवानियत: सिडकुल कर्मी का अपहरण कर किया गैंगरेप, तीन आरोपी फरार
रुद्रपुर में सिडकुल कर्मी युवती का अपहरण कर तीन युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। गदरपुर रोड की घटना, पीड़िता का मेडिकल कराकर पुलिस तलाश में जुटी।
उधम सिंह नगर। जिले के रुद्रपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिडकुल क्षेत्र की एक कंपनी में काम करने वाली युवती के साथ शनिवार रात कथित तौर पर अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म किया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
पीड़िता शनिवार रात अपनी सहेली और दो परिचित युवकों के साथ भूरारानी रोड की तरफ गई थी। आरोप है कि इसी दौरान बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें जबरन रोक लिया। इसके बाद आरोपी दोनों युवकों और युवतियों को उनकी ही बाइक पर बैठाकर गदरपुर की ओर ले गए।
आरोपियों ने रातभर युवती को बंधक बनाकर उसके साथ हैवानियत की। रविवार सुबह आरोपी पीड़िता को मेट्रोपोलिस अंडरपास के पास छोड़कर मौके से फरार हो गए। किसी तरह पीड़िता ने पुलिस से संपर्क कर आपबीती सुनाई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया। आरोपियों की शिनाख्त के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर केस दर्ज कर फरार तीनों आरोपियों की तलाश के लिए दबिश देना शुरू कर दिया है।
