हल्द्वानी
हल्द्वानी DIO गिरिजा शंकर जोशी का निधन, मीडिया सेंटर को नाम देने की मांग
हल्द्वानी के जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी के निधन पर शोक सभा आयोजित। सीएम धामी ने जताई संवेदना, मीडिया सेंटर को नाम देने की मांग उठी।
हल्द्वानी: जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी के आकस्मिक निधन से हल्द्वानी के पत्रकारिता जगत और प्रशासनिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई है। सोमवार को हल्द्वानी स्थित मीडिया सेंटर में एक विशेष शोक सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान पत्रकारों और प्रशासनिक अधिकारियों ने दिवंगत अधिकारी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
शोक सभा में पत्रकारों ने एक महत्वपूर्ण और भावनात्मक प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया। पत्रकारों ने मांग उठाई कि हल्द्वानी ब्लॉक परिसर में निर्माणाधीन नए मीडिया सेंटर का नाम स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के नाम पर रखा जाए। उनका कहना था कि मीडिया और सूचना विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने वाले समर्पित अधिकारी की यादों को इस तरह सदैव के लिए अमर रखा जा सकता है।
शोक सभा के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दूरभाष पर दिवंगत अधिकारी के परिजनों और पत्रकारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री ने श्रद्धांजलि देते हुए आश्वस्त किया कि नए मीडिया सेंटर का नाम उनके नाम पर रखने के प्रस्ताव पर सरकार सकारात्मक विचार करेगी। इसके साथ ही उन्होंने शोक संतप्त परिवार को हरसंभव सरकारी मदद का भरोसा भी दिलाया।
आयोजन में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी मंजूनाथ टीसी, एडीएम विवेक राय और एसडीएम रेखा कोहली सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने गिरिजा शंकर जोशी के साथ बिताए पलों को याद किया तथा उनके सहज व्यवहार, सहयोगी स्वभाव और सूचना तंत्र में दिए गए अतुलनीय योगदान को नमन किया।
