हल्द्वानी
पिथौरागढ़-चंपावत के लिए अग्निवीर भर्ती तिथि घोषित, जानें पूरी जानकारी
पिथौरागढ़ और चंपावत के युवाओं के लिए अग्निवीर भर्ती 23 से 29 नवंबर तक बनबसा में होगी। सफल अभ्यर्थी जरूरी दस्तावेज तैयार रखें। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।
हल्द्वानी। उत्तराखंड के सीमांत जिलों पिथौरागढ़ और चंपावत के युवाओं के लिए भारतीय सेना में शामिल होने का बेहतरीन अवसर सामने आया है। वर्ष 2027 के लिए आयोजित की जा रही अग्निवीर भर्ती रैली की आधिकारिक तिथियों की घोषणा कर दी गई है। यह भर्ती प्रक्रिया हल्द्वानी में आयोजित ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) में सफल रहे अभ्यर्थियों के लिए आयोजित की जाएगी।
सेना भर्ती कार्यालय पिथौरागढ़ के निदेशक कर्नल अमोल दबड़घाव ने भर्ती के संबंध में आवश्यक जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि परीक्षा में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए भर्ती रैली का आयोजन 23 से 29 नवंबर तक मिलिट्री स्टेशन बनबसा में किया जाएगा। इस रैली को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और सेना ने आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी हैं।
अभ्यर्थियों को तय समय पर अपने सभी मूल दस्तावेजों के साथ भर्ती स्थल पर उपस्थित होना होगा। सेना भर्ती कार्यालय ने अभ्यर्थियों से अपने शैक्षिक प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, स्थायी निवास, जाति, चरित्र, अविवाहित प्रमाण पत्र, पुलिस सत्यापन और शपथ पत्र तैयार रखने की अपील की है। एनसीसी या खेल प्रमाण पत्र धारक युवाओं को अपने अतिरिक्त दस्तावेज भी साथ लाने होंगे।
सेना भर्ती कार्यालय ने भर्ती से जुड़ी किसी भी समस्या या प्रामाणिक जानकारी के लिए आधिकारिक संपर्क नंबर (7668564153) भी जारी किया है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे किसी भी तरह के बिचौलियों या दलालों के बहकावे में न आएं, क्योंकि सेना में चयन पूरी तरह से योग्यता और पारदर्शिता के आधार पर होता है।
