उत्तराखंड पुलिस
देहरादून से दबोचा गया गोवा सेक्सटॉर्शन रैकेट का मास्टरमाइंड सलमान खान, STF का बड़ा एक्शन
उत्तराखंड एसटीएफ और गोवा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर देहरादून से सेक्सटॉर्शन गैंग के सरगना सलमान खान को गिरफ्तार किया है। आरोपी 3 साल से फरार था।
देहरादून: उत्तराखंड एसटीएफ (STF) ने गोवा पुलिस के साथ मिलकर एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। दोनों राज्यों की पुलिस ने एक संयुक्त और त्वरित कार्रवाई करते हुए बहुचर्चित सेक्सटॉर्शन रैकेट के मुख्य सरगना को देहरादून से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी पिछले तीन वर्षों से लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था और फरार चल रहा था।
एसटीएफ से मिली जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए मास्टरमाइंड की पहचान सलमान खान के रूप में हुई है, जो देहरादून के पटेलनगर (माजरा) का निवासी है। पुलिस टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को 23 मई 2026 को थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र से दबोच लिया। गिरफ्तारी के तुरंत बाद उत्तराखंड पुलिस ने आरोपी को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए गोवा पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।
जांच में सामने आया कि सलमान खान एक बेहद शातिर और संगठित सेक्सटॉर्शन गैंग चला रहा था। यह गैंग मुख्य रूप से अमीर कारोबारियों को अपना निशाना बनाता था। गिरोह में शामिल महिलाएं बिजनेसमैन को अपनी जाल में फंसाती थीं। इसके बाद आरोपी खुद को दिल्ली नारकोटिक्स ब्यूरो का फर्जी अधिकारी बताकर पीड़ितों को बंधक बनाते थे और बदनामी का डर दिखाकर करोड़ों रुपये वसूलते थे।
इस शातिर गैंग ने ब्लैकमेलिंग के लिए गोवा के मापुसा क्षेत्र में एक आलीशान विला किराये पर लिया था। वहाँ उन्होंने गुप्त कैमरे लगाए और मुंबई के एक बड़े कारोबारी का अश्लील वीडियो बनाकर उसे मोटी रकम के लिए प्रताड़ित किया। इस मामले में दिल्ली और हरिद्वार से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी थी, जबकि मुख्य सरगना अब जाकर पुलिस के हत्थे चढ़ा है।
