हल्द्वानी
हल्द्वानी RTO दफ्तर में सहकर्मी पर फायरिंग, वरिष्ठ अधिकारी नेगी सस्पेंड
हल्द्वानी RTO में सहकर्मी से विवाद के बाद वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी महेंद्र सिंह नेगी ने गोली चलाई। शासन ने नेगी को सस्पेंड कर FIR दर्ज की।
हल्द्वानी। संभागीय परिवहन कार्यालय (RTO) में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी ने अपने ही सहकर्मी पर गोली चला दी। इस गंभीर घटना के सामने आने के बाद उत्तराखंड शासन ने कड़ा रुख अपनाया है। शासन ने आरोपी अधिकारी महेंद्र सिंह नेगी को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह अधिकारी महेंद्र सिंह नेगी का अपने एक सहकर्मी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इस बहस के बाद वह दफ्तर से घर चले गए और शाम करीब 4 बजे लाइसेंसी हथियार लेकर वापस पहुंचे। इसके बाद उन्होंने कर पंजीयन अनुभाग के कमरे के बाहर से अपने सहकर्मी पर निशाना साधकर फायर झोंक दिया।
गनीमत रही कि इस जानलेवा हमले में सहकर्मी बाल-बाल बच गया और गोली पास रखी फाइलों में जा धंसी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। आरटीओ-प्रशासन की रिपोर्ट के आधार पर परिवहन सचिव रविनाथ रमन ने निलंबन के सख्त आदेश जारी कर दिए।
पुलिस ने चौकी प्रभारी की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ नए आपराधिक कानून की BNS धारा 110 (गैर इरादतन हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। निलंबन अवधि के दौरान महेंद्र सिंह नेगी को उपसंभागीय परिवहन कार्यालय (एआरटीओ) उधम सिंह नगर से संबद्ध किया गया है।
इस वारदात के बाद से आरोपी अधिकारी का मोबाइल फोन बंद आ रहा है और वह फरार है।
