Connect with us

हल्द्वानी

हल्द्वानी शुद्धिकरण विवाद पर सीएम धामी का पलटवार, बोले- भ्रम फैला रही है कांग्रेस

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हल्द्वानी के कथित शुद्धिकरण मामले पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष बिना सबूतों के सामाजिक भ्रम पैदा कर रहा है।

हल्द्वानी। रामलीला मैदान में कथित शुद्धिकरण प्रकरण को लेकर उत्तराखंड की राजनीति में घमासान चरम पर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस के आरोपों पर जोरदार पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास ऐसा कोई तथ्य या प्रमाण नहीं है, जिससे साबित हो कि किसी को अपमानित करने के लिए शुद्धिकरण यज्ञ हुआ। सीएम के अनुसार, विपक्ष बिना आधार के इस संवेदनशील मुद्दे को हवा देकर समाज में विभाजन पैदा कर रहा है।
यह पूरा विवाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के बाद सामने आया। कांग्रेस का आरोप है कि सभा के बाद मंच का शुद्धिकरण करके दलित समाज और उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष का अपमान किया गया है। पार्टी इस मामले को सामाजिक न्याय से जोड़ते हुए लगातार दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रही है। दूसरी ओर, बीजेपी का तर्क है कि राजनीतिक लाभ पाने के लिए यह झूठी पटकथा रची गई है।
इस बीच मामले में बड़ा प्रशासनिक मोड़ आ चुका है। हल्द्वानी पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ बीएनएस (BNS) और एससी/एसटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस की विशेष टीम पूरे घटनाक्रम और वायरल वीडियो फुटेज की गहन जांच में जुटी है। मुख्यमंत्री धामी ने दोहराया कि किसी भी व्यक्ति का अपमान करना बीजेपी की नीति नहीं है और दोषी पाए जाने पर निष्पक्ष कार्रवाई होगी।
विपक्ष के लगातार हमलो के बीच राज्य का सियासी तापमान बढ़ गया है। जहां कांग्रेस इसे जनता के बीच बड़ा मुद्दा बनाने की कोशिश में है, वहीं सत्ताधारी दल का मानना है कि तथ्यों के अभाव में यह अभियान जल्द ही विफल साबित होगा। आगामी दिनों में जांच रिपोर्ट आने के बाद ही इस विवाद का असली रुख स्पष्ट हो पाएगा।

Select Language

Advertisement