उत्तर प्रदेश
शाहजहांपुर में शर्मनाक हरकत, जलती चिता पर पकाया मीट, 3 गिरफ्तार
यूपी के शाहजहांपुर में बुजुर्ग के अंतिम संस्कार के बाद श्मशान घाट में चिता की आग पर मीट पकाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले से एक बेहद शर्मनाक और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पुवायां इलाके के नत्थापुर गांव में बुजुर्ग के अंतिम संस्कार के कुछ ही देर बाद तीन युवकों ने जलती चिता की आग पर मीट पकाना शुरू कर दिया। इस घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में तनाव और आक्रोश फैल गया, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की।
नत्थापुर निवासी 60 वर्षीय छोटेलाल की बीमारी के कारण मृत्यु हो गई थी। 20 सितंबर को परिजनों और ग्रामीणों ने श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार संपन्न कराया। अंतिम संस्कार की रस्में पूरी करने के बाद परिवार के लोग अपने घर लौट आए। कुछ समय बाद जब मृतक का बेटा वीरपाल चिता देखने दोबारा श्मशान घाट पहुंचा, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गया।
मौके पर तीन युवक चिता की आग पर बर्तन रखकर मीट पका रहे थे। परिजनों ने तुरंत उन्हें पकड़ने का प्रयास किया और एक युवक को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि दो अन्य भागने में सफल रहे। सूचना मिलने पर पहुंची यूपी-112 पुलिस टीम आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सोमवार को फरार दोनों अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ के दौरान पकड़े गए आरोपियों की पहचान रामचरन, राजेंद्र और सुरेंद्र के रूप में हुई है। आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अत्यधिक शराब पी रखी थी और मीट खाने की इच्छा होने पर चिता की आग का इस्तेमाल किया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जांच में तंत्र-मंत्र से जुड़ा कोई मामला सामने नहीं आया है और सभी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
