देहरादून
सीएम धामी ने देहरादून में ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना’ के स्टॉलों का किया शुभारंभ, बहनों को दिया प्रोत्साहन
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में सशक्त बहना उत्सव योजना के तहत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा दिया।
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजधानी देहरादून में ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना’ के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों (SHG) द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का भव्य शुभारंभ किया। इस दौरान सीएम धामी ने प्रदर्शनी का बारीकी से अवलोकन करते हुए स्थानीय उत्पादों का निर्माण कर रही मातृशक्ति के प्रयासों की भरपूर सराहना की।
आयोजन के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूह की बहनों द्वारा हस्तनिर्मित राखियां खरीदीं और उनके हुनर एवं कड़ी मेहनत का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उच्च गुणवत्ता वाले स्थानीय उत्पाद न केवल हमारी सांस्कृतिक धरोहर को बढ़ावा दे रहे हैं, बल्कि महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी भी बना रहे हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि ‘सशक्त बहना उत्सव योजना’ के माध्यम से पिछले वर्ष भी राज्य की बड़ी संख्या में महिलाओं को आजीविका के नए और बेहतर अवसर प्राप्त हुए थे। राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराना है, ताकि स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल सके।
“हमारी सरकार का निरंतर प्रयास है कि मातृशक्ति को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाया जाए। स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बेहतर बाजार मिलने से बहनों की आय में वृद्धि होगी और ‘वोकल फॉर लोकल’ का संकल्प और अधिक मजबूत होगा।” — पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड
