Connect with us

हल्द्वानी

हल्द्वानी: राजपुरा में पानी के संकट पर फूटा गुस्सा, भारी बारिश में छाता लेकर जल संस्थान के खिलाफ प्रदर्शन

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हल्द्वानी के राजेंद्र नगर राजपुरा में पेयजल संकट को लेकर स्थानीय लोगों ने भारी बारिश में जल संस्थान के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।

हल्द्वानी। उत्तराखंड के हल्द्वानी शहर के राजेंद्र नगर राजपुरा क्षेत्र में पिछले कई दिनों से गहराए पेयजल संकट को लेकर स्थानीय निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा है। क्षेत्र में पानी की बूंद-बूंद को तरस रहे दर्जनों परिवारों ने भीषण दिक्कतों के बाद सड़क पर उतरने का फैसला किया। गुरुवार को इलाके में हो रही भारी बारिश के बावजूद स्थानीय लोगों ने छाता लेकर जल संस्थान के खिलाफ एक जोरदार विरोध रैली निकाली और विभागीय लापरवाही के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
इस जनाक्रोश प्रदर्शन का नेतृत्व स्थानीय युवा नेता व पार्षद प्रतिनिधि हेमंत साहू ने किया। प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए हेमंत साहू ने जल संस्थान और संबंधित ठेकेदार पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राजपुरा नाले के अंदर से गुजर रही पुरानी जर्जर पेयजल लाइन को बदलकर नई पाइपलाइन बिछाने की प्रशासनिक स्वीकृति उनके लगातार प्रयासों से काफी पहले मिल चुकी है। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार की सुस्ती के कारण आज तक धरातल पर काम शुरू नहीं हो सका।
पार्षद प्रतिनिधि ने बताया कि विभाग की इस घोर लापरवाही का खामियाजा राजेंद्र नगर राजपुरा क्षेत्र के लगभग 50 परिवारों को भुगतना पड़ रहा है। ये सभी परिवार पिछले लंबे समय से पानी की गंभीर किल्लत से जूझ रहे हैं और उनके दैनिक कार्य ठप हो चुके हैं। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि जल्द ही नई पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू कर जनता को इस समस्या से निजात नहीं दिलाई गई, तो क्षेत्रवासी जल संस्थान के खिलाफ उग्र आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होंगे।
सड़क पर घंटों चले इस प्रदर्शन के दौरान मूसलाधार बारिश भी स्थानीय जनता के हौसलों को डिगा नहीं सकी। लोग हाथों में छाता थामे विभाग के खिलाफ आवाज बुलंद करते रहे। मामले को बढ़ता देख जल संस्थान के अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने प्रदर्शनकारियों को जल्द से जल्द नई लाइन बिछाने का काम शुरू करने का ठोस आश्वासन दिया। अधिकारियों के इस भरोसे के बाद ही स्थानीय निवासियों का गुस्सा शांत हुआ और उन्होंने अपना धरना समाप्त किया।
इस विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से पुष्पा देवी, मनीषा आर्या, संगीता आर्या, गुड्डी, पंकज कुमार, शोभित कुमार, नंदी, प्रियंका कश्यप, रिंकू आर्या, पनी राम, ममता देवी, गीता देवी, शकुंतला देवी, रोहित कुमार, गणेश आर्या, विद्या देवी और बसंती देवी समेत भारी संख्या में क्षेत्रवासी शामिल रहे।

Select Language

Advertisement