Connect with us

देहरादून

देहरादून में अनोखी चोरी: चोरी का हार पहनकर बनाई इंस्टाग्राम रील, नौकरानी गिरफ्तार

Published

on

खबर शेयर करें 👉

देहरादून में नौकरानी ने मालकिन के घर से उड़ाए 10 लाख के हीरे-सोने के जेवर। इंस्टाग्राम रील पर हार देखकर मालकिन ने पुलिस से की शिकायत।

देहरादून। एक बेहद हैरान करने वाला अनोखा मामला सामने आया है। यहां करीब एक साल पहले लाखों रुपये के कीमती आभूषण चोरी करने वाली एक नौकरानी को राजपुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दिलचस्प बात यह है कि इस चोरी का खुलासा किसी पुलिस मुखबिर से नहीं, बल्कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए हुआ। आरोपी नौकरानी चोरी किए गए गहने पहनकर रील बना रही थी, जिसे उसकी पुरानी मालकिन ने पहचान लिया।
मामले की जानकारी देते हुए एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता में बताया कि सिक्का किमाया ग्रींस (आईटी पार्क) निवासी नितीशा वत्स ने एक जुलाई को राजपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। पीड़ित महिला ने शिकायत में कहा था कि उनके घर से हीरे और सोने के कीमती जेवर गायब हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी पूर्व नौकरानी विमला ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर कुछ वीडियो डाले हैं, जिनमें वह पीड़ित महिला का ही चोरी हुआ हार पहने नजर आ रही है।
शिकायत मिलते ही राजपुर पुलिस हरकत में आई और शुक्रवार सुबह जोहड़ी रोड से आरोपी नौकरानी विमला (34 वर्ष) को धर दबोचा। पुलिस ने महिला के पास से चोरी किए गए करीब 10 लाख रुपये के हीरे और सोने के आभूषण सुरक्षित बरामद कर लिए हैं। पूछताछ में आरोपी महिला ने कबूल किया कि कीमती आभूषण देखकर उसकी नीयत डोल गई थी। महंगे होने के कारण वह इन्हें बेच नहीं पाई और मामला शांत होने की गलतफहमी में इन्हें पहनकर रील बनाने लगी।
पुलिस ने आरोपी विमला को स्थानीय कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे सीधे जेल भेज दिया गया है। इस अनोखे और चुनौतीपूर्ण मामले का महज कुछ ही दिनों में पर्दाफाश करने पर एसएसपी ने राजपुर थानाध्यक्ष पीडी भट्ट और उनकी पूरी पुलिस टीम को नकद इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि वे अपने घरों में घरेलू सहायकों को रखने से पहले उनका पुलिस वेरिफिकेशन जरूर करवाएं।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement