उत्तराखण्ड
बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावा चोरी का आरोप: बीकेटीसी के कई कर्मचारियों को नोटिस जारी
बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की चोरी के गंभीर आरोपों के बाद हड़कंप। BKTC ने निजी सहायक सहित चार कर्मचारियों को नोटिस देकर मांगा जवाब।
चमोली। अयोध्या के राम मंदिर विवाद के बाद अब भू-बैकुंठ धाम बदरीनाथ मंदिर से भी चढ़ावा चोरी होने का गंभीर मामला सामने आया है। धार्मिक संगठन भैरव सेना ने बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) को एक पत्र लिखकर बड़े आरोप लगाए हैं। संगठन का दावा है कि बीकेटीसी अध्यक्ष के निजी सहायक इस कथित चोरी में शामिल हैं। शिकायत का संज्ञान लेते हुए बीकेटीसी प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस गंभीर शिकायत के बाद सीईओ सोहन सिंह रांगड़ ने तत्काल कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने आरोपी निजी सहायक समेत ड्यूटी पर तैनात सभी कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। सभी संबंधित कर्मचारियों को तीन दिन के भीतर अपना स्पष्टीकरण दाखिल करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही मंदिर परिसर के सीसीटीवी फुटेज को भी जांच के लिए सुरक्षित रख लिया गया है।
भैरव सेना संगठन के संस्थापक अध्यक्ष संदीप खत्री ने खुद सीईओ के सामने इस पूरे मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। उनका आरोप है कि दो जुलाई की सीसीटीवी फुटेज में मंदिर समिति का एक कर्मचारी संदिग्ध हालत में दिखाई दिया है। सूत्रों के मुताबिक मंदिर समिति के ही कुछ लोगों ने दान की गिनती में गड़बड़ी की खबर भैरव सेना तक पहुंचाई थी, जिसके बाद संगठन ने तुरंत कार्रवाई की मांग की।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बीकेटीसी के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने जांच के लिए एक विशेष समिति गठित करने के आदेश दिए हैं। वहीं सीईओ रांगड़ का कहना है कि यह मामला करोड़ों लोगों की धार्मिक आस्था से जुड़ा हुआ है। फिलहाल चार कर्मचारियों से जवाब मांगा गया है और सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने साफ किया कि बिना ठोस सबूत के किसी पर भी अंतिम टिप्पणी करना सही नहीं होगा।
