हल्द्वानी
गोरापड़ाव क्रशर में दर्दनाक हादसा: डंपर में रेता भरने से हेल्पर की घुटकर मौत, हल्द्वानी में मिली लाश
लालकुआं के गोरापड़ाव क्रशर में जेसीबी चालक की लापरवाही से डंपर हेल्पर पवन सिंह की रेते में दबकर मौत। हल्द्वानी में अनलोडिंग के दौरान मिला शव। पढ़ें पूरी खबर।
हल्द्वानी। लालकुआं-हल्द्वानी मार्ग स्थित गोरापड़ाव के एक नामी स्टोन क्रशर में रविवार दोपहर बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा हुआ। क्रशर के अंदर डंपर की लीकेज ठीक कर रहे 30 वर्षीय हेल्पर के ऊपर जेसीबी चालक ने लापरवाही से रेता भर दिया। रेते के भारी ढेर के नीचे घंटों दबे रहने के कारण दम घुटने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान जयपुर बीसा (मोटाहल्दू) निवासी पवन सिंह (30) पुत्र मदन सिंह के रूप में हुई है। रविवार दोपहर डंपर रेता लोड करने क्रशर में आया था। चालक गेट पर खाना खाने रुका, तो पवन गाड़ी को अंदर ले गया। वह डंपर से गिरते रेते को रोकने के लिए बोरा (कट्टा) लगा रहा था। इसी दौरान जेसीबी चालक ने बिना देखे ऊपर से रेता उड़ेल दिया।
हैरानी की बात यह रही कि किसी को घटना की भनक तक नहीं लगी। बाद में दूसरे चालक के जरिए वही डंपर हल्द्वानी के चौफुला-कटघरिया मार्ग पर नाली निर्माण कार्य के पास भेजा गया। शाम करीब 4 बजे जब मजदूर सलीम और उसका साथी रेता हटाने लगे, तो नीचे से पवन की लाश बरामद हुई। लाश देखते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना पर पहुंची मुखानी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि जेसीबी चालक, क्रशर मालिक और ठेकेदार से गहन पूछताछ की जा रही है। दोषी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।
