Connect with us

उत्तर प्रदेश

मुरादाबाद: निलंबन में स्कूल निरीक्षण करने वाली बीईओ वंदना सैनी पर जांच शुरू, आदेश जारी

Published

on

खबर शेयर करें 👉

मुरादाबाद में विवादित खंड शिक्षा अधिकारी वंदना सैनी के खिलाफ महानिदेशक स्कूल शिक्षा ने दिए जांच के आदेश। निलंबन अवधि में स्कूल निरीक्षण और शिक्षकों पर दबाव का आरोप

मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में बेसिक शिक्षा विभाग की विवादित खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) वंदना सैनी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। महानिदेशक स्कूल शिक्षा उत्तर प्रदेश ने निलंबन अवधि के दौरान अवैध रूप से स्कूलों का निरीक्षण करने और शिक्षकों पर अनुचित दबाव बनाने के गंभीर आरोपों में बीईओ के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।
पूरा मामला पत्रकार अभिषेक गौड़ द्वारा दी गई एक शिकायती याचिका से जुड़ा है। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि निलंबन की अवधि में रहने के बावजूद खंड शिक्षा अधिकारी वंदना सैनी ने कई परिषदीय विद्यालयों का अनधिकृत निरीक्षण किया और शिक्षकों पर दबाव बनाने का प्रयास किया। राज्य परियोजना निदेशक समग्र शिक्षा अभियान उत्तर प्रदेश की ओर से एडी बेसिक मंडल मुरादाबाद को पत्र भेजकर मामले की निष्पक्ष जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।
महानिदेशक के सख्त रुख के बाद एडी बेसिक मुरादाबाद ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) मुरादाबाद को प्रकरण में व्यक्तिगत ध्यान देकर अविलंब जांच आख्या सौंपने के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही उच्च अधिकारियों ने इस बात पर भी गहरी नाराजगी व्यक्त की है कि पूर्व में दिए गए निर्देशों के बावजूद अब तक विभाग को जांच रिपोर्ट नहीं भेजी गई थी।
उल्लेखनीय है कि बीईओ वंदना सैनी पूर्व में विभागीय कार्यक्रम की सरकारी धनराशि में हेरफेर और वित्तीय घोटाले के गंभीर आरोपों के चलते निलंबित चल रही थीं। आरोप है कि अपने निलंबन काल के दौरान ही उन्होंने जांच को प्रभावित करने और साक्ष्यों से छेड़छाड़ करने के उद्देश्य से स्कूलों का रुख किया था।
शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि विभागीय अनुशासनहीनता और पद के दुरुपयोग के मामलों को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होते ही आरोपी अधिकारी के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Select Language

Advertisement