Connect with us

देहरादून

सीएम धामी ने लॉन्च की ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’, 11 हजार छात्रों को फ्री कोचिंग

Published

on

खबर शेयर करें 👉

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ की शुरुआत की। इसके तहत 11 हजार युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग मिलेगी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ का औपचारिक शुभारंभ किया। इस महत्त्वाकांक्षी योजना का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के राजकीय एवं शासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों तथा राज्य विश्वविद्यालयों के पात्र छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए गुणवत्तापूर्ण और निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराना है।
योजना के प्रथम चरण में राज्य के 11 हजार छात्र-छात्राओं को इस मुफ्त कोचिंग कार्यक्रम से जोड़ा जाएगा। योजना का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि संसाधनों या आर्थिक तंगी की वजह से किसी भी प्रतिभाशाली युवा के सपनों की राह में बाधा नहीं आने दी जाएगी। विशेषकर पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं को सही मार्गदर्शन और बेहतर कोचिंग सुविधाएं घर बैठे उपलब्ध कराई जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने युवाओं के सर्वांगीण विकास पर जोर देते हुए बताया कि राज्य सरकार जल्द ही एक अलग ‘युवा आयोग’ का गठन करने जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को केवल नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाना है। इसके लिए प्रदेश में स्वरोजगार, स्टार्टअप, होमस्टे और कौशल विकास को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे रिवर्स पलायन में भी तेजी आई है।
कार्यक्रम में उपस्थित उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने इसे ऐतिहासिक पहल बताया। उन्होंने घोषणा की कि इस वर्ष से राज्य के उच्च शिक्षण संस्थानों में छात्रसंघ चुनावों में छात्राओं के लिए 50 प्रतिशत पद आरक्षित किए जाएंगे। साथ ही डिजिटल शिक्षा का विस्तार करते हुए ई-ग्रंथालय के माध्यम से विद्यार्थियों को लगभग 20 लाख डिजिटल पुस्तकों की पहुंच प्रदान की गई है।

Select Language

Advertisement