हल्द्वानी
हल्द्वानी: आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के समर्थन में उतरे हेमंत साहू, सरकार को दी बड़ी चेतावनी
हल्द्वानी के बुद्ध पार्क में 30 दिनों से धरने पर बैठी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के समर्थन में हेमंत साहू ने राज्य सरकार को घेरा। मानदेय ₹25,000 करने और ठोस नीति बनाने की मांग की।
हल्द्वानी: बुद्ध पार्क में पिछले एक महीने से अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का संघर्ष अब तेज होता जा रहा है। युवा नेता हेमंत साहू ने धरना स्थल पर पहुंचकर इन महिलाओं के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया और राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि सरकार पूरी तरह संवेदनहीन हो चुकी है और मातृशक्ति की जायज मांगों को अनसुना कर रही है।
हेमंत साहू ने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि आंगनबाड़ी महिलाएं लंबे समय से सम्मानजनक वेतन की मांग कर रही हैं। वर्तमान में उन्हें महज ₹9000 का मानदेय दिया जा रहा है, जो आज की कमरतोड़ महंगाई में बिल्कुल भी पर्याप्त नहीं है। इतने कम मानदेय में किसी भी महिला के लिए अपने परिवार का भरण-पोषण करना असंभव है। सरकार के पास इन महिलाओं के कल्याण के लिए कोई ठोस योजना नहीं है।
युवा नेता ने मुख्यमंत्री के हालिया हल्द्वानी दौरे को भी अत्यंत निराशाजनक बताया। उन्होंने कहा कि उम्मीद थी कि मुख्यमंत्री आंगनबाड़ी बहनों की पीड़ा को समझेंगे और कोई बड़ा निर्णय लेंगे, लेकिन उनके दौरे से केवल निराशा ही हाथ लगी है। हेमंत साहू ने मांग की कि कार्यकर्ताओं का मानदेय तत्काल बढ़ाकर ₹25,000 किया जाना चाहिए। इससे वे अपना जीवन सम्मानपूर्वक जी सकेंगी और अपनी सेवाएं बेहतर ढंग से दे पाएंगी।
साहू ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने जल्द ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो युवा कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस लड़ाई में वे अंत तक आंगनबाड़ी बहनों के साथ खड़े हैं। अब देखना होगा कि सरकार इस चेतावनी के बाद क्या रुख अपनाती है।
