Connect with us

हरिद्वार

हरिद्वार पुलिस का बड़ा एक्शन: जाली नोट छापने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 3 आरोपी गिरफ्तार

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हरिद्वार पुलिस ने नकली नोट छापने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। तीन आरोपियों को लैपटॉप, प्रिंटर और 50 हजार के जाली नोटों के साथ दबोचा गया।

हरिद्वार। पुलिस ने नकली नोट छापने और उन्हें बाजार में खपाने वाले एक बड़े संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। दो दिन पहले मिले 52,500 रुपये के नकली नोटों के मामले की जांच करते हुए पुलिस ने मंगलवार को तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस ने 50 हजार रुपये के जाली नोट, एक लैपटॉप, दो प्रिंटर, मोबाइल फोन और नोट बनाने में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण बरामद किए हैं।
एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि इस गिरोह के सदस्य तैयार नकली नोटों की एक बड़ी खेप को ठिकाने लगाने के लिए बिजनौर के बड़ापुर की तरफ जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत जाल बिछाया और लालढांग तिराहे के पास घेराबंदी कर दी। जैसे ही आरोपियों की कार वहां पहुंची, पुलिस ने उसे रोक लिया।
कार की तलाशी लेने पर पुलिस को भारी मात्रा में जाली नोट और उन्हें छापने के उपकरण मिले। पुलिस ने मौके से आरोपी देवेंद्र, गुलजार (दोनों निवासी बिजनौर) और शगुन जोशी (निवासी लालढांग, श्यामपुर) को गिरफ्तार कर लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे इससे पहले भी उत्तर प्रदेश के बिजनौर क्षेत्र के बाजारों में करीब 60 हजार रुपये के नकली नोट सफलतापूर्वक चला चुके हैं।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह काफी समय से इस अवैध धंधे में शामिल था और सीधे-साधे दुकानदारों को निशाना बनाता था। गौरतलब है कि इससे पहले गत 27 जून को भी हरिद्वार पुलिस ने नकली नोटों के साथ तीन अन्य लोगों को गिरफ्तार किया था, जिनसे कड़ियां जोड़ते हुए इस मुख्य गिरोह तक पहुंचा गया। फिलहाल पुलिस आरोपियों के बैंक खातों और अन्य साथियों की तलाश में जुटी है ताकि इस नेटवर्क को पूरी तरह खत्म किया जा सके।

Select Language

Advertisement