देहरादून
पुष्कर सिंह धामी के 5 वर्ष पूरे, उत्तरकाशी के काशी विश्वनाथ मंदिर में विशेष पूजा
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के 5 वर्ष पूरे होने पर उत्तरकाशी के श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में रुद्राभिषेक और विशेष अनुष्ठान का आयोजन किया गया।
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के मुख्यसेवक के रूप में पाँच वर्ष का कार्यकाल सफलतापूर्वक पूर्ण हो गया है। इस ऐतिहासिक अवसर पर उत्तरकाशी स्थित प्रसिद्ध श्री काशी विश्वनाथ एवं शक्ति मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री के नाम से विशेष संकल्प लिया गया। मंदिर में राज्य की सुख-समृद्धि के लिए विशेष धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया।
धार्मिक कार्यक्रम के अंतर्गत वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का भव्य रुद्राभिषेक संपन्न हुआ। इसके साथ ही माँ शक्ति का विशेष पाठ और हवन-पूजन भी किया गया। उपस्थित श्रद्धालुओं और जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के स्वस्थ, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की मंगलकामना की। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर नजर आया।
इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने पुष्कर सिंह धामी सरकार की पिछले पाँच वर्षों की ऐतिहासिक उपलब्धियों को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन में उत्तराखंड ने सुशासन के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं। राज्य में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करना और देश का सबसे कठोर नकलरोधी कानून बनाना सरकार के सबसे बड़े साहसिक फैसलों में शामिल हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप एक आत्मनिर्भर और श्रेष्ठ उत्तराखंड के निर्माण के अपने संकल्प को दोहराया। इस विशेष अनुष्ठान के दौरान क्षेत्रीय विधायक श्री सुरेश चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रमेश चौहान और भाजपा जिला अध्यक्ष श्री नागेंद्र चौहान सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे।
