Connect with us

हरिद्वार

हरिद्वार में घरेलू विवाद के बाद मासूम बेटी संग गंगनहर में कूदी मां, तलाश जारी

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हरिद्वार के बहादराबाद में पति से विवाद के बाद एक महिला अपनी एक वर्षीय मासूम बेटी को गोद में लेकर गंगनहर में कूद गई। पुलिस और एसडीआरएफ का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। बहादराबाद थाना क्षेत्र में रविवार को पति-पत्नी के बीच हुए मामूली विवाद के बाद एक महिला ने खौफनाक कदम उठा लिया। महिला अपनी एक वर्षीय मासूम बेटी को गोद में लेकर उफनती गंगनहर में कूद गई। इस घटना के बाद से ही मां और बेटी दोनों गहरे पानी में लापता हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, कलियर थाना क्षेत्र के कोटा मुरादनगर का रहने वाला अर्जुन अपनी पत्नी सविता और दो बच्चों के साथ बाइक से ससुराल जा रहा था। अर्जुन की ससुराल बहादराबाद के रायपुर दरेड़ा गांव में है। सफर के दौरान बाइक पर उनका चार साल का बेटा नक्श और एक साल की बेटी भी सवार थे, जिसे सविता ने गोद में लिया हुआ था।
घटना उस वक्त हुई जब परिवार दौलतपुर स्थित डीपीएस कॉलेज के पास पहुंचा। सफर के दौरान सविता ने अर्जुन से रास्ते में कहीं रुकने की बात कही, जिसे लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि सविता ने गुस्से में आकर मोटरसाइकिल रुकवा दी। इसके बाद वह तुरंत अपनी एक वर्षीय बेटी को लेकर गंगनहर की तरफ भागी और छलांग लगा दी।
इस अचानक हुई घटना से मौके पर कोहराम मच गया और देखते ही देखते वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बहादराबाद थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) और जल पुलिस को मौके पर बुलाया। दोनों लापता मां-बेटी की तलाश में संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
थाना प्रभारी ने बताया कि प्राथमिक जांच में पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद की बात सामने आई है। पुलिस घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण रेस्क्यू टीम को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस ने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी है और सर्च अभियान को तेज कर दिया है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement