Connect with us

नैनीताल

नैनीताल क्लब में बड़ा हादसा: स्ट्रीट लाइट सही करते समय करंट लगने से कर्मचारी की मौत

Published

on

खबर शेयर करें 👉

नैनीताल क्लब में स्ट्रीट लाइट ठीक करते समय करंट लगने से 31 वर्षीय कर्मचारी की मौत हो गई। सिर में गंभीर चोट आने पर अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया।

नैनीताल। नैनीताल क्लब परिसर में सोमवार सुबह एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां स्ट्रीट लाइट की मरम्मत के दौरान अचानक बिजली का तेज झटका लगने से 31 वर्षीय एक कर्मचारी की मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद परिसर और मृतक के परिवार में मातम छा गया है।
मृतक की पहचान रुद्रपुर के रम्पुरा निवासी महेंद्र सिंह के रूप में हुई है, जो नैनीताल क्लब में इलेक्ट्रिशियन हेल्पर के पद पर कार्यरत था। जानकारी के मुताबिक, रविवार रात परिसर की कुछ लाइटों में खराबी आई थी। सोमवार सुबह महेंद्र अपने साथी इलेक्ट्रिशियन के साथ पोल पर चढ़कर बाकी बची लाइटों को ठीक कर रहा था।
लाइट ठीक करने के दौरान महेंद्र अचानक करंट की चपेट में आ गया और कुछ देर तक पोल से चिपका रहा। मौके पर मौजूद अन्य कर्मियों ने तुरंत मुख्य बिजली आपूर्ति बंद की, जिसके बाद वह झटका खाकर सीधे सड़क पर गिर पड़ा। ऊंचाई से सड़क पर गिरने के कारण उसके सिर में बेहद गंभीर चोट आई।
आनन-फानन में सहकर्मी उसे इलाज के लिए बीडी पांडे जिला अस्पताल ले गए। हालांकि, अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं हादसे के बाद नैनीताल क्लब प्रबंधन ने मृतक के पीड़ित परिवार को पीएफ क्लेम और पेंशन से जुड़ी प्रक्रिया की पूरी जानकारी उपलब्ध कराई है।

Select Language

Advertisement